दंतेवाड़ा, एक मार्च (भाषा) छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में तीन लाख रुपये के इनामी नक्सली को मार गिराया है। दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि जिले के कटेकल्याण थाना क्षेत्र के अंतर्गत तुमकपाल गांव के करीब जंगल में यह मुठभेड़ हुई।
इसमें डीआरजी के दल ने दरबा डिवीजन के प्लाटून कमांडर लखमा कवासी को मार गिराया है। कवासी के सिर पर तीन लाख रुपये का इनाम है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को कटेकल्याण थाना क्षेत्र में डीआरजी के दल को गस्त में रवाना किया गया था।
दल जब तुमकपाल गांव के करीब जंगल में था तब नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर हमला कर दिया। इसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गये।
बाद में जब सुरक्षाबलों ने घटनास्थल की तलाशी ली तब वहां से एक नक्सली का शव, एक पिस्टल, पांच किलोग्राम वजनी बारूदी सुरंग, एक नक्सली वर्दी और अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गये नक्सली की पहचान लखमा कवासी के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।
भाषा सं संजीव संजीव संतोष
संतोष