Reported By: Jitendra Soni
,Raigarh Double Murder Case: जमीन के लिए किया दंपति का कत्ल, फिर सबूत मिटाने रची खौफनाक साजिश... महज 72 घंटे में ऐसे खुला पूरा राज, दो आरोपी गिरफ्तार /image: IBC 24
रायगढ़। Raigarh Double Murder Case: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज ब्लाइंड डबल मर्डर का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। ग्राम क्रोंधा देवमारीडांड में दंपति की टांगी से हत्या कर शवों और घर को आग के हवाले कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई थी। मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या की वजह वर्षों पुराना भूमि विवाद और उससे जुड़ी रंजिश थी। पुलिस डॉग रूबी, एफएसएल टीम और वैज्ञानिक विवेचना की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
Raigarh Double Murder Case दरअसल, 15 जुलाई को ग्राम क्रोंधा निवासी 65 वर्षीय मंगल राठिया और उनकी 55 वर्षीय पत्नी पुनाई बाई राठिया के घर के भीतर दोनों के जले हुए शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस के साथ एफएसएल टीम और पुलिस डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचा और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। मामला प्रथम दृष्टया आगजनी का लग रहा था, लेकिन घटनास्थल से मिले साक्ष्यों ने पुलिस को हत्या की ओर इशारा किया। जांच के दौरान पुलिस डॉग रूबी ने हत्या में इस्तेमाल टांगी की गंध के आधार पर श्याम लाल राठिया तक ले गई। पूछताछ में मृतक और आरोपियों के परिवार के बीच लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने संदेही श्याम लाल राठिया और उसके भाई जीवन लाल राठिया से अलग-अलग पूछताछ की।
Raigarh Double Murder Case पुलिस के मुताबिक, वैज्ञानिक साक्ष्यों और कड़ाई से की गई पूछताछ में दोनों भाइयों ने हत्या की वारदात कबूल कर ली। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2013 में आरोपियों ने एक जमीन खरीदी थी। बाद में अधिक कीमत मिलने पर मूल विक्रेता ने वही जमीन मृतक मंगल राठिया को बेच दी थी। आरोपियों को उनकी रकम वापस मिल गई थी, लेकिन मृतक द्वारा जमीन पर मकान बनाने और खेती करने को लेकर दोनों भाइयों के मन में रंजिश बनी हुई थी। इसी रंजिश में 14 जुलाई की रात दोनों आरोपी टांगी लेकर मंगल राठिया के घर पहुंचे। आरोप है कि दरवाजा खुलते ही मंगल राठिया पर टांगी से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई। शोर सुनकर बाहर आई उनकी पत्नी पुनाई बाई की भी टांगी से हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपियों ने शवों पर कपड़े और अन्य सामान डालकर आग लगा दी और घर के दो कमरों में भी आग लगाकर हत्या के साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया।
Raigarh Double Murder Case पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर हत्या में इस्तेमाल टांगी और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर जब्त कर लिए हैं। मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों की पहचान श्याम लाल राठिया, उम्र 32 वर्ष और जीवन लाल राठिया, उम्र 48 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम क्रोंधा, थाना धरमजयगढ़ के रूप में हुई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि आपसी रंजिश या भूमि विवाद का समाधान कानून के दायरे में ही होना चाहिए। उन्होंने कहा कि धरमजयगढ़ पुलिस, एफएसएल टीम और पुलिस डॉग रूबी के प्रयासों से इस अंधे हत्याकांड का सफल खुलासा किया गया है। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में धरमजयगढ़ और घरघोड़ा पुलिस के साथ एफएसएल टीम और पुलिस डॉग रूबी की अहम भूमिका रही।
ये भी पढ़ें