cg news/ image source: IBC24
CG Naxalism Deadline: रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज नक्सलवाद के खात्मे को लेकर बड़ा दिन माना जा रहा है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा निर्धारित 31 मार्च 2026 की डेडलाइन का आज अंतिम दिन है। इसी को लेकर राज्य में हलचल तेज है और सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार इस मुद्दे पर क्या आधिकारिक अपडेट देती है।
आज छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा नक्सलवाद के खात्मे को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा करेंगे। वे रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित संवाद कार्यक्रम में दोपहर 1 बजे शामिल होंगे, जहां वे अब तक की कार्रवाई, उपलब्धियों और आगे की रणनीति पर विस्तार से बात कर सकते हैं। इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक और मीडिया हलकों में काफी उत्सुकता बनी हुई है।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह संसद में नक्सलवाद के खात्मे को लेकर जानकारी दे चुके हैं। लोकसभा में इस मुद्दे पर चर्चा भी हुई थी, जिसमें सरकार की रणनीति और अब तक के प्रयासों पर प्रकाश डाला गया। ऐसे में आज रायपुर से आने वाला अपडेट इस पूरे अभियान की दिशा और स्थिति को और स्पष्ट कर सकता है।