gajendra yadav/ image source: ibc24
Chhattisgarh RTE Admission Issue: रायपुर: रायपुर में प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने छत्तीसगढ़ के आरटीई (Right to Education) नियमों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। एसोसिएशन ने घोषणा की है कि प्रदेशभर में आरटीई के तहत लॉटरी से चयनित विद्यार्थियों को फिलहाल प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इस निर्णय के बाद शिक्षा व्यवस्था और निजी स्कूलों के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ गया है।
प्राइवेट स्कूल संचालकों ने बताया कि वे आज इस मुद्दे को लेकर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव को औपचारिक पत्र लिखेंगे, जिसमें अपनी मांगों और समस्याओं का विस्तृत उल्लेख किया जाएगा। इसके साथ ही कल जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर आरटीई के तहत मिलने वाली राशि को तय और समय पर भुगतान करने की मांग की जाएगी। स्कूल संचालकों का आरोप है कि सरकार की ओर से निर्धारित राशि और वास्तविक खर्च में बड़ा अंतर है, जिससे निजी स्कूलों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है।
एसोसिएशन का कहना है कि लंबे समय से आरटीई से जुड़ी कई समस्याएं लंबित हैं, जिनका समाधान नहीं होने के कारण यह कदम उठाया गया है। एसोसिएशन ने यह भी स्पष्ट किया है कि उनका असहयोग आंदोलन लंबे समय से जारी है और जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक यह विरोध जारी रहेगा। इस फैसले से आरटीई के तहत चयनित छात्रों और उनके अभिभावकों की चिंता बढ़ सकती है।