रायपुर, 22 अप्रैल (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के दंतेवाड़ा दौरे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि बस्तर अब भय की छाया से निकलकर अवसर, आत्मविश्वास और नई उम्मीदों की ओर अग्रसर हो रहा है।
सचिन तेंदुलकर बुधवार को दंतेवाड़ा जिले में एक कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य कभी माओवाद से प्रभावित रहे इस इलाके को खेल केंद्र के रूप में बदलना और यहां के युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करना है। मुख्यमंत्री साय ने ‘एक्स’ पर कहा, “मां दंतेश्वरी की पावन धरा पर भारत रत्न, मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर जी का हार्दिक स्वागत है। सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन एवं माणदेशी फाउंडेशन द्वारा ‘मैदान कप अभियान’ के तहत खेल मैदानों का विकास, विशेषकर जनजातीय अंचल के बच्चों के लिए, एक सराहनीय पहल है। सचिन जी का बच्चों के साथ समय बिताना और उन्हें खेलों के लिए प्रेरित करना इस पहल को और भी प्रभावशाली बनाता है।”
उन्होंने कहा, “दंतेवाड़ा के छिंदनार ग्राम में सचिन तेंदुलकर का आगमन केवल एक प्रेरक क्षण नहीं, बल्कि बदलते हुए बस्तर की सशक्त तस्वीर है। यह बस्तर अब भय की छाया से बाहर निकलकर अवसर, आत्मविश्वास और नई उम्मीदों की दिशा में अग्रसर हो रहा है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि सचिन तेंदुलकर द्वारा बच्चों के बीच समय बिताना, उन्हें खेलों के प्रति प्रेरित करना और उनके भीतर आत्मविश्वास का संचार करना इस अभियान को और अधिक प्रभावशाली बनाता है।
उन्होंने कहा कि इससे न केवल खेल प्रतिभाओं को निखरने का अवसर मिलेगा, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार होगा। सचिन तेंदुलकर ने दंतेवाड़ा के छिंदनार गांव स्थित स्वामी आत्मानंद हिंदी मीडियम हाई स्कूल में बहु-खेल मैदान का उद्घाटन किया।
यह मैदान ‘मैदान कप अभियान’ के तहत विकसित किया गया है, जो इस क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के दौरान, सचिन तेंदुलकर, उनकी बेटी सारा, बहू सानिया चंडोक और अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक खेल गतिविधियों में भाग लिया तथा बच्चों का मनोबल बढ़ाया।
कार्यक्रम में बस्तर के आयुक्त डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
भाषा संजीव जितेंद्र
जितेंद्र