Surajpur Tiranga Yatra Event Chaos
सूरजपुर : Surajpur Tiranga Yatra Event Chaos : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘तिरंगा यात्रा’ कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अव्यवस्था का मामला सामने आया है। मंच पर बैठने की जगह न मिलने से नाराज जिला पंचायत उपाध्यक्ष रेखा राजवाड़े मंच के नीचे जाकर बैठ गई। इस घटना से नाराज कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
मिली जानकारी के अनुसार सूरजपुर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित ‘तिरंगा यात्रा’ कार्यक्रम में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, स्थानीय विधायक, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान जब जिला पंचायत उपाध्यक्ष रेखा राजवाड़े पहुंचीं, तो मंच पर उनके बैठने के लिए स्थान नहीं था। इसे नाराज़ होकर वे मंच के नीचे जाकर बैठ गईं और प्रशासन पर आरोप लगाया।
जनप्रतिनिधि के इस विरोध और अव्यवस्था को देख मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मौके पर ही अधिकारियों की क्लास ली और व्यवस्था सुधारने की हिदायत दी। प्रशासनिक लापरवाही के कारण सरकारी मंच पर हुए इस ड्रामे और मंत्री की फटकार के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया।