रायपुर में पुलिस वाहन की टक्कर से स्कूटर सवार किशोर की मौत, उसकी छोटी बहन घायल

Ads

रायपुर में पुलिस वाहन की टक्कर से स्कूटर सवार किशोर की मौत, उसकी छोटी बहन घायल

  •  
  • Publish Date - February 6, 2026 / 03:07 PM IST,
    Updated On - February 6, 2026 / 03:07 PM IST

रायपुर, छह फरवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस के एक वाहन के शुक्रवार को एक स्कूटर को टक्कर मार देने के कारण दोपहिया वाहन पर सवार 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई और उसकी छोटी बहन घायल हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब पौने आठ बजे सिविल लाइंस थाने की सीमा के तहत छत्तीसगढ़ क्लब के पास हुई।

उन्होंने बताया कि किशोर और उसकी 10 वर्षीय बहन स्कूटर से स्कूल जा रहे थे, तभी पुलिस लाइन की ओर जा रही पुलिस की ‘टोइंग’ (वाहन उठाकर ले जाने वाली) वैन ने उनके दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी।

अधिकारी ने बताया कि लड़के की मौके पर ही मौत हो गई और उसकी बहन घायल हो गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।

भाषा सिम्मी रंजन

रंजन