दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ), 13 जून (भाषा) छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में 25 वर्षीय एक ट्रक चालक ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा किए थे, जिसमें दावा किया था कि उसके ट्रक की टक्कर एक महंगी कार से होने के बाद उस कार में सवार लोगों ने उसके साथ मारपीट की तथा उसे धमकाया था। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि महासमुंद ज़िले के रहने वाले ताम्रध्वज साहू का शव शुक्रवार को गिदम पुलिस थाना इलाके में बंजारी घाट के पास एक पेड़ से लटका हुआ मिला।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि साहू, लक्ष्मण नामक एक व्यक्ति का ट्रक चलाता था। शुक्रवार को लक्ष्मण ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसके वाहन चालक ने इंस्टाग्राम पर वीडियो अपलोड किए हैं जिसमें दावा किया कि वह अपनी जान दे रहा है तथा वह फोन नहीं उठा रहा है।
उन्होंने बताया कि लक्ष्मण की सूचना के बाद पुलिस दल ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर साहू की खोज शुरू की और बाद में बंजारी घाट के करीब एक पेड़ से लटका हुआ उसका शव बरामद किया।
उन्होंने बताया कि बंजारी घाट में बृहस्पतिवार को ट्रक और एक मर्सिडीज कार के बीच टक्कर हुई थी तथा इस घटना के बाद आपातकालीन सेवा का वाहन भी वहां पहुंचा था।
सोशल मीडिया में साझा किए छह वीडियो में युवक रोते हुए आरोप लगा रहा है कि ट्रक का ब्रेक ठीक तरह से काम नहीं करने के कारण उसका वाहन मर्सिडीज कार से टकरा गया और कार सवारों ने उसके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
एक वीडियो में साहू ट्रक मालिक लक्ष्मण से माफी मांग रहा है और कह रहा है कि उसकी गलती नहीं थी और उसने जानबूझकर ऐसा नहीं किया है। कार सवारों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी है, इसलिए वह जान दे रहा है।
वहीं एक अन्य वीडियो में वह अपने गले में फांसी का फंदा लगाया हुआ दिख रहा है। इसमें वह यह कहता दिखायी दे रहा है कि, ‘‘मुझे माफ कर देना, मैं जिम्मेदारियां नहीं निभा पाया।’’
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ कार को टक्कर मारने तथा ट्रक चालक के वीडियो के आधार पर कार में सवार लोगों के खिलाफ मारपीट करने का मामला दर्ज किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि कार मालिक सागर हेमला बीजापुर का निवासी है तथा ठेकेदारी का काम करता है। उसे पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।
भाषा सं संजीव गोला
गोला