बस्तर। बस्तर लोकसभा सीट के लिए बीजेपी के बैदूराम कश्यप और कांग्रेस के दीपक बैज समेत कुल 7 प्रत्याशियों की किस्मत मतदाताओं ने आज वोटिंग मशीन में लॉक कर दी। 80 हजार से ज्यादा जवानों के पहरे में लोकतंत्र का उत्सव उत्साह के साथ मना। कहीं से कोई अनहोनी की खबर नहीं है और लोगों ने बता दिया कि वो लाल आतंक से घबराकर लोकतंत्र से भरोसा कम नहीं होने देंगे।
ये भी पढ़ें:नेता प्रतिपक्ष ने सीएम को पत्र लिखकर कहा- बीजेपी नेता की मौत के मामले में पूरी
नक्सली दहशतगर्दों की धमकियों के बावजूद बस्तर ने बुलेट का जवाब बैलेट से दिया। IBC24 की लगातार चलने वाली मुहिम का असर ही है कि बस्तर में वोटिंग का प्रतिशत बढ़ा। हालांकि बस्तर के कई मतदान केंद्रों में सुबह लोग कम पहुंचे और केंद्र बदल जाने की वजह से कई पोलिंग बूथ मतदाताओं का इंतजार करते रहे। लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा मतदान केंद्रों के बाहर कतार लगने लगी। कड़ी धूप के बावजूद भी मतदाता घरों से निकले। मतदान केंद्र तक पहुंचे और लोकतंत्र के इस सबसे बड़े उत्सव में अपनी आहुति दी।
ये भी पढ़ें:लोकसभा चुनाव 2019: 40 साल से बीजेपी की रही इस सीट पर कौन होगा उम्मीदवार?
अबूझमाड़ के हरिमरका गांव में लोग आजादी के बाद पहली बार वोट डालने के लिए घर से निकले। ये लोकतंत्र की ही ताकत है कि दशकों बाद नक्सल प्रभावित इलाके में ग्रामीणों ने बुलेट का जवाब बैलेट से दिया। पहले चरण की इकलौती बस्तर लोकसभा सीट की वोटिंग लगातार नक्सली हमले और धमकियों की वजह से काफी चुनौतीपूर्ण हो गया था। लेकिन दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर और कोंटा में हर वर्ग को लोगों में मतदान को लेकर उत्साह नजर आया। वहीं कोंडागांव, बस्तर, चित्रकोट और जगदलपुर में भी सुबह से शाम 5 बजे तक वोटिंग हुई और लगभग हर दूसरे मतदान केंद्र में लंबी कतारें दिखी।
ये भी पढ़ें:पहले चरण का मतदान खत्म, बस्तर में 57 फीसदी वोटिंग, बढ़ सकता है आंकड़ा
इसके साथ ही बस्तर लोकसभा सीट के भाजपा प्रत्याशी बैदूराम कश्यप ने मोरठपाल बूथ पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं कांग्रेस उम्मीदवार दीपक बैज ने जगदलपुर के नेगीरास बूथ पर वोटिंग की। प्रत्याशियों के अलावा बस्तर के दिग्गज नेताओं ने भी मतदान किया। पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने भानपुरी के फरसागुड़ा बूथ पर और पूर्व मंत्री लता उसेंडी ने कोंडागांव के सरगीपाल पारा बूथ पर लाइन में लगकर मतदान किया। इधर कोंटा के नागारास बूथ पर मंत्री कवासी लखमा और कांग्रेस विधायक मोहन मरकाम ने कोंडागांव के सरगीपाल पारा बूथ में मतदान किया।
नक्सलियों की मतदान बहिष्कार की अपील पर IBC24 की सौ फीसदी मतदान की अपील भारी पड़ी। बस्तर में बड़ी संख्या में और शांतिपूर्ण तरीके से हुए मतदान से बौखलाए नक्सलियों ने ओरछा से मतदान दल के साथ वापस लौट रहे पुलिस पार्टी पर हैलीपैड पर हमला किया। लेकिन सुरक्षा बल के जवान ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया। करीब 10 मिनट तक नक्सलियों से हुई मुठभेड़ के बाद नक्सली भाग निकले। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी बस्तर में शांतिपूर्ण और उत्साह के साथ हुए मतदान को लेकर कहा है कि बस्तर के लोग लाल आतंक से परेशान हैं। यही कारण है कि बस्तर में मतदाता बढ़-चढ़कर मतदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नक्सलियों को लाल आतंक का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण कर देना चाहिए।