रायपुर: राज्यसभा चुनाव के उम्मीदवारों के नाम को लेकर जहां मध्यप्रदेश के सियासी गलियारों में हड़कंप मचा हुआ है वहीं, दूसरी ओर अब छत्तीसगढ़ के सियासी गलियारों में भी सरगर्मी बढ़ने लगी है। इसी बीच खबर आई है कि सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेता गिरीश देवांगन को बधाई देने वालों की बाढ़ आ गई है। उनके समर्थक गिरीश देवांगन को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने के लिए बधाई दे रहे हैं। हालांकि अभी तक कांग्रेस पार्टी ने किसी भी प्रत्याशी के नाम का ऐलान नहीं किया है।
बता दें कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के मोतीलाल वोरा और भाजपा के रणविजय सिंह जूदेव का राज्यसभा का कार्यकाल खत्म होगा। जिसके चलते चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना में नामांकन से लेकर मतदान की तारीखों को ऐलान किया है।
Read More: संविलयन की घोषणा से शिक्षक पंचायत में खुशी का माहौल, मुख्यमंत्री का किया आभार
राज्यसभा चुनाव के लिए 6 मार्च से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। वहीं अंतिम तारीख 13 मार्च है। उम्मीदवार अंतिम दिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे नामांकन दाखिल कर सकेंगे। इसके बाद 16 मार्च को नामांकन की जांच होगी। वहीं, 18 मार्च नामांकन वापसी की अंतिम तारीख है। 26 मार्च को सुबह 9 बजे से 4 बजे तक मतदान होगा। जिसके बाद जल्द ही नतीजे आ जाएंगे।