तंजावुर (तमिलनाडु), 30 जुलाई (भाषा) तमिलनाडु के तंजावुर जिले के चिन्ना अम्मानकुडी में बुधवार देर रात स्थानीय लोगों द्वारा एक मकान में लगी आग बुझाए जाने के दौरान एलपीजी गैस सिलेंडर फटने से 15 वर्षीय लड़की सहित कम से कम 10 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घायलों में से सात लोगों का फिलहाल तंजावुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आईसीयू (सघन चिकित्सा कक्ष) में इलाज किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार देर रात करीब दो बजे लक्ष्मीपुरम इलाके में स्थानीय किसान मुरुगयन के फूस के घर में हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थिरुवोनम के पास चिन्ना अम्मानकुडी स्थित इस फूस के मकान में उस समय आग लगी, जब परिवार के लोग सो रहे थे। पड़ोसियों ने आग की लपटें देखीं और परिवार को सुरक्षित बाहर निकलने के लिए सतर्क किया। इसके बाद वे पानी की मदद से आग बुझाने में जुट गए।
पुलिस ने बताया कि जब कई स्थानीय लोग आग पर काबू पाने के लिए मकान के आसपास जमा थे, तभी रसोईघर में रखा एलपीजी सिलेंडर अचानक फट गया। हादसे में मुरुगयन, उनकी बेटी अभिनया और आग बुझाने में मदद कर रहे कई पड़ोसी घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, घायलों की पहचान कासीनाथन, राजशेखर, पलानीवेल, वेम्बाईयन, कलैयारसी, भुवनेश्वरण, सेल्वराज और कालियाम्मल के रूप में हुई है।
करम्बकुडी से दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर पीड़ितों को बचाया। घायलों में से तीन लोगों को पट्टुकोट्टई सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से झुलसे सात लोगों को तंजावुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां वे आईसीयू में भर्ती हैं।
थिरुवोनम पुलिस ने इस दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाषा प्रचेता सिम्मी
सिम्मी