सवाई मानसिंह अस्पताल में 106 साल की महिला का दूरबीन से सफल ऑपरेशन

Ads

सवाई मानसिंह अस्पताल में 106 साल की महिला का दूरबीन से सफल ऑपरेशन

  •  
  • Publish Date - April 11, 2026 / 09:02 PM IST,
    Updated On - April 11, 2026 / 09:02 PM IST

जयपुर, 11 अप्रैल (भाषा) चिकित्सा क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल (एसएमएस) के चिकित्सकों ने 106 वर्षीय महिला का जटिल ऑपरेशन दूरबीन (लेप्रोस्कोपिक) तकनीक से सफलतापूर्वक कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, झुंझुनूं निवासी बनारसी देवी पित्त की थैली और पित्त नली में पथरी की गंभीर समस्या से पीड़ित थीं, जिसके चलते उन्हें एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

सर्जिकल यूनिट-2 में यह जटिल सर्जरी डॉ. प्रभा ओम के निर्देशन में तथा डॉ. अमित जैन के नेतृत्व में की गई। डॉ. जैन ने बताया कि इतनी अधिक आयु में इस प्रकार की सर्जरी अत्यंत जोखिमपूर्ण मानी जाती है, लेकिन विशेषज्ञों की टीम ने पूरी सावधानी और दक्षता के साथ इसे सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति स्थिर रही और 24 घंटे की निगरानी के बाद उन्हें स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

चिकित्सकों का मानना है कि 106 वर्ष की आयु में इस प्रकार की सर्जरी का यह संभवतः पहला मामला है। यह उपलब्धि आधुनिक चिकित्सा तकनीक, अनुभवी चिकित्सकों और टीम वर्क का उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है।

इस ऑपरेशन में अस्पताल की शल्य चिकित्सा टीम के डॉ. अमित गोयल, डॉ. प्रवीण जोशी, डॉ. जय, डॉ. शोभित, डॉ. गरिमा, डॉ. कविता, डॉ. रजत, डॉ. दीक्षा, डॉ. हर्षिता, डॉ. शशांक, डॉ. आर. रंगनाथ, डॉ. आकाश और डॉ. विनय राज का योगदान रहा। वहीं, एनेस्थीसिया टीम के डॉ. सुशील भाटी, डॉ. सुनील चौहान, डॉ. इंदु वर्मा और डॉ. मनोज सोनी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

भाषा

बाकोलिया रवि कांत