गुवाहाटी, 19 जून (भाषा) असम के विभिन्न हिस्सों के रहने वाले कई नाबालिगों समेत 115 लोगों को बिहार में एक संदिग्ध मानव तस्करी गिरोह के चंगुल से मुक्त कराया गया है और इस सिलसिले में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सभी पीड़ितों को वापस असम लाया गया है और उनकी ‘काउंसलिंग’ की जा रही है।
बचाव अभियान में शामिल एसएसबी के एक अधिकारी ने कहा, “यह गिरोह विशेष रूप से असम में भूटान सीमा से सटे क्षेत्रों में रह रहे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को निशाना बना रहा था। पीड़ितों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया जाता था।”
उन्होंने बताया कि बचाए गए लोगों में 48 महिलाएं हैं और इनमें से कई नाबालिग हैं।
अधिकारी ने बताया कि तस्करों द्वारा ले जाए गए बच्चों से संपर्क नहीं हो पाने पर कुछ अभिभावकों ने एसएसबी की तेजपुर इकाई से संपर्क किया था।
उन्होंने बताया कि एसएसबी, बिहार पुलिस और अन्य एजेंसियों द्वारा स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद से चलाए गए समन्वित अभियान के तहत बिहार के समस्तीपुर जिले से इन लोगों को मुक्त कराया गया।
अधिकारी ने बताया कि अब तक नौ संदिग्ध मानव तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
उन्होंने कहा, “पीड़ित असम पहुंच चुके हैं और घर लौटने से पहले उनकी काउंसलिंग की जा रही है।”
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप