कोलकाता में श्यामा प्रसाद की 125वीं जयंती मनाई जाएगी, शाह 125 फुट ऊंची प्रतिमा की आधारशिला रखेंगे

Ads

कोलकाता में श्यामा प्रसाद की 125वीं जयंती मनाई जाएगी, शाह 125 फुट ऊंची प्रतिमा की आधारशिला रखेंगे

  •  
  • Publish Date - July 5, 2026 / 10:27 PM IST,
    Updated On - July 5, 2026 / 10:27 PM IST

नयी दिल्ली, पांच जुलाई (भाषा) केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय पश्चिम बंगाल सरकार के साथ मिलकर सोमवार को कोलकाता में भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती मनाएगा और इस मौके पर एक खास कार्यक्रम आयोजित करेगा।

मंत्रालय ने रविवार को बताया कि मिलन मेला प्रांगण में होने वाले इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे।

मंत्रालय ने कहा कि शाह इको पार्क भी जाएंगे, जहां वे ‘भूमिपूजन’ करेंगे और मुखर्जी की 125 फुट ऊंची प्रतिमा की आधारशिला रखेंगे।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी, मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल और केंद्रीय संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल समेत कई गणमान्य व्यक्ति मिलन मेला प्रांगण में होने वाले इस समारोह में शामिल होंगे।

बयान में कहा गया, ‘‘संस्कृति मंत्रालय, पश्चिम बंगाल सरकार के साथ मिलकर ‘भारत केसरी’ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के दो साल तक चलने वाले आधिकारिक समारोह के तहत कल कोलकाता के मिलन मेला प्रांगण में एक खास कार्यक्रम आयोजित करेगा।’’

मिलन मेला प्रांगण में मुखर्जी के जीवन और उनकी विरासत को समर्पित एक खास प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया जाएगा।

बयान में कहा गया है कि दुर्लभ तस्वीरों, पुराने दस्तावेजों और शानदार ‘मल्टीमीडिया डिस्प्ले’ के जरिये यह प्रदर्शनी मुखर्जी के निजी जीवन के सफर, वैचारिक सोच, शिक्षा में सुधार और भारत के लोकतांत्रिक संस्थानों को मज़बूत करने व औद्योगिक विकास में उनकी अहम भूमिका को दर्शाएगी।

इसमें आगे कहा गया कि मिलन मेला प्रांगण में होने वाले इस यादगार कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन होगा और उसके बाद सीसीआरटी की ओर से ‘सुर, संस्कृति एवं राष्ट्र’ नाम से एक भव्य संगीतमय श्रद्धांजलि दी जाएगी।

भाषा संतोष नरेश

नरेश