आंध्र प्रदेश में सड़क हादसे में 14 श्रद्धालुओं की मौत, चार घायल

Ads

आंध्र प्रदेश में सड़क हादसे में 14 श्रद्धालुओं की मौत, चार घायल

  •  
  • Publish Date - February 14, 2021 / 11:08 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:33 PM IST

कुर्नूल (आंध्र प्रदेश),14 फरवरी (भाषा) आंध्र प्रदेश के कुर्नूल जिले में रविवार सुबह एक मिनी बस के लॉरी (ट्रक) से टकरा जाने से अजमेर जा रहे 14 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि मृतकों में एक बच्चा और आठ महिलाएं शामिल हैं।

कुर्नूल जिले के पुलिस अधीक्षक के.फाकिरप्पा ने बताया कि घटना उस वक्त हुई जब एक ही परिवार के चार लोगों को लेकर जा रही मिनी बस सुबह चार बजे मडापुरम में एक लारी से टकरा गई। मिनी बस में सवार सभी लोग चित्तूर जिले के मदनापल्ले के रहने वाले थे।

उन्होंने बताया कि ये लोग राजस्थान के अजमेर शरीफ दरगाह जा रहे थे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राज्य के मुख्यमंत्री वाई एस जगनमोहन रेड्डी ने घटना पर शोक व्यक्त किया है।

रेड्डी ने घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए की अनुग्रह राशि और घायलों को एक-एक लाख रुपए देने की घोषणा की है।

पुलिस अधीक्षक ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि प्रारंभिक जांच से लगता है कि चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वाहन पहले डिवाइडर से टकराया और फिर इसके बाद पलटते हुए सड़क के दूसरी तरफ एक लॉरी से टकरा गया।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘घटना मिनी बस के तेज रफ्तार में होने अथवा चालक को झपकी आ जाने की वजह से हुई हो सकती है। चौदह लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और चार (घायलों) लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।’’

कुर्नूल के जिलाधिकारी जी वीरापांडियन ने कहा कि प्रशासन इस बात की जांच करेगा कि कहीं वाहन में कोई खराबी तो नहीं थी।

प्रधानमंत्री कार्यालय के हैंडल से किए गए एक ट्वीट में कहा गया,‘‘ आंध्र प्रदेश के कुर्नूल जिले में हुई सड़क दुर्घटना दुखद है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की उम्मीद करता हूं।’’

राज्य के मुख्यमंत्री ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों को जरूरी चिकित्सा सहायता मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।

भाषा

शोभना दिलीप

दिलीप