भारत में कोविड-19 के 14,264 नए मामले सामने आए

Ads

भारत में कोविड-19 के 14,264 नए मामले सामने आए

  •  
  • Publish Date - February 21, 2021 / 05:17 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:58 PM IST

नयी दिल्ली, 21 फरवरी (भाषा) देश में कोविड-19 के 14,264 नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,09,91,651 हो गई। लगातार चौथे दिन नए दैनिक मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा रविवार को अद्यतन किए गए आंकड़ों से यह जानकारी सामने आई है।

सुबह आठ बजे तक के आँकड़ों के अनुसार, संक्रमण से 90 नई मृत्यु होने से देश में इस महामारी में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,56,302 हो गई।

बीमारी से ठीक हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 1,06,89,715 हो गई है, जिससे देश में कोविड-19 मरीजों के ठीक होने की दर 97.25 प्रतिशत हो गई है।वहीं, मृत्यु दर 1.42 प्रतिशत है। देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1.5 लाख के नीचे बनी हुई है।

आँकड़ों के अनुसार, देश में अभी कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1,45,634 है, जो कुल मामलों का 1.32 प्रतिशत है।

देश में 29 जनवरी को 18,855 नए दैनिक मामले सामने आए थे।

भारत में कोविड-19 के मामले सात अगस्त को 20 लाख के आंकड़े को पार कर गए थे, जबकि 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख का आँकड़ा पार किया था। 28 सितंबर को यह 60 लाख के पार चला गया, जबकि 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ का आंकड़ा पार किया था।

भारतीय चिकित्सा अनुसांधन परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, 20 फरवरी तक देशभर में कुल 21,09,31,530 नमूनों की जांच हुई है।

भाषा कृष्ण

कृष्ण पवनेश

पवनेश