तिरुवनंतपुरम, 23 जून (भाषा) केरल में मंगलवार को शिगेला संक्रमण के 15 नए मामले सामने आए, जिनमें सबसे अधिक मामले कोझिकोड में दर्ज किए गए हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी।
संक्रमण के ये नए मामले पांच जिलों कोझिकोड (8), मलप्पुरम (3), वायनाड (2), कन्नूर (1) और कोल्लम (1) में सामने आए हैं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, इन नए मामलों के साथ ही राज्य में जून महीने के दौरान शिगेला संक्रमण के कुल 165 मामले और छह मौतें दर्ज की जा चुकी हैं, जबकि इस साल अब तक कुल 241 लोग इस बीमारी से पीड़ित पाए गए हैं।
विभाग ने बताया कि कोझिकोड, मलप्पुरम और वायनाड में इस महीने सबसे अधिक मामले सामने आए हैं।
बयान में कहा गया है कि वर्तमान में कोझिकोड (57 मामले), वायनाड (22), त्रिशूर (12) और अलाप्पुझा (3) में इस बीमारी के प्रकोप की घोषणा की गई है।
जून के दौरान शिगेला संक्रमण की रिपोर्ट करने वाले अन्य जिलों में मलप्पुरम (24), तिरुवनंतपुरम (17), कन्नूर (11), कोल्लम (10), इडुक्की (3), एरनाकुलम (3) और पलक्कड़ (3) शामिल हैं।
शिगेला एक बैक्टीरिया जनित संक्रमण है जिसके कारण दस्त, बुखार और पेट में मरोड़ जैसी समस्याएं होती हैं। यह मुख्य रूप से दूषित भोजन या पानी के जरिए और संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आने से फैलता है।
भाषा सुमित नरेश संतोष
संतोष