वंदे मातरम के 150 साल: लोक भवन ने निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा की

वंदे मातरम के 150 साल: लोक भवन ने निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा की

वंदे मातरम के 150 साल: लोक भवन ने निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा की
Modified Date: July 31, 2026 / 07:48 pm IST
Published Date: July 31, 2026 7:48 pm IST

चेन्नई, 31 जुलाई (भाषा) तमिलनाडु लोक भवन ने शुक्रवार को ‘वंदे मातरम्’ गीत के लिखे जाने के 150 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित राज्य-स्तरीय निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा की।

लोक भवन की एक विज्ञप्ति के अनुसार, राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता का मकसद युवाओं में राष्ट्र गीत के भावनात्मक, ऐतिहासिक और समकालीन महत्व के बारे में समझ को गहरा करना था।

लोक भवन की विज्ञप्ति में बताया गया है कि तमिल और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में आयोजित स्कूली स्तरों की दो और विश्वविद्यालय स्तर की एक प्रतियोगिता में लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

स्कूल के छात्रों ने भारत की आजादी की लड़ाई में इस गाने की अहम भूमिका और देश में जोश भरने की इसकी भावना पर आधारित विषयों पर निबंध लिखे। वहीं, कॉलेज के प्रतिभागियों ने ‘विकसित भारत 2047’ के निर्माण में इस गाने की आज के समय में अहमियत पर बात की।

विशेषज्ञों की एक टीम ने सभी श्रेणी में सबसे अच्छे निबंध चुने।

राज्यपाल ने सभी प्रतिभागियों के विचारपूर्ण निबंधों की तारीफ की। पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर आने वाले विजेताओं को क्रमशः 50,000 रुपये, 30,000 रुपये और 25,000 रुपये का नकद इनाम और आधिकारिक प्रशस्ति-पत्र दिए जाएंगे। विशेष पुरस्कार पाने वालों को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

राज्यपाल 15 अगस्त, 2026 को चेन्नई के लोक भवन में स्वतंत्रता दिवस के ‘‘ऐट होम’’ समारोह के दौरान विजेताओं के माता-पिता और संस्थान के प्रमुखों की मौजूदगी में खुद उन्हें (विजेताओं को) पुरस्कार देंगे।

भाषा सुरभि सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में