बंगाल में दूसरे चरण के चुनाव से पहले तृणमूल पार्षद समेत 1,543 लोग गिरफ्तार
बंगाल में दूसरे चरण के चुनाव से पहले तृणमूल पार्षद समेत 1,543 लोग गिरफ्तार
कोलकाता, 27 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 29 अप्रैल को होने वाले मतदान से पहले राज्य में माहौल बिगाड़ने के किसी भी प्रयास को रोकने के लिए तृणमूल कांग्रेस के एक पार्षद सहित कुल 1,543 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पूर्व बर्धमान जिले की बर्धमान नगरपालिका में वार्ड संख्या 22 से तृणमूल पार्षद नारू गोपाल भाकट को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता के आवास पर हमले में शामिल होने तथा धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि भाकट के खिलाफ निर्वाचन आयोग के समक्ष भी शिकायत दर्ज कराई गई है।
हालांकि, तृणमूल पार्षद ने अपने ऊपर लगए आरोपों को खारिज करते हुए कहा, “मैं जनता के लिए काम करता हूं। मुझे इसी कारण गिरफ्तार किया गया है।”
अधिकारियों के मुताबिक, पूर्व बर्धमान में 479, उत्तर 24 परगना में 319, दक्षिण 24 परगना में 246, हुगली में 49 और नादिया में 32 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि इन लोगों के खिलाफ निर्वाचन आयोग के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है।
इस बीच, मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय ने मतदान केंद्रों पर लगाए गए वेबकास्टिंग उपकरणों के संचालन के संबंध में नये दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
सोमवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, वेबकास्टिंग के लिए इस्तेमाल किए गए कैमरों को 29 अप्रैल को मतदान समाप्त होने के बाद सेक्टर अधिकारियों की उपस्थिति में निकाला जाना चाहिए और उचित प्रक्रिया का पालन करते हुए निर्दिष्ट प्राप्ति केंद्रों पर जमा किया जाना चाहिए।
भाषा पारुल माधव
माधव

Facebook


