एसआईआर: आडवाणी, विदेश मंत्री जयशंकर, निर्वाचन आयुक्त को मिला नोटिस

एसआईआर: आडवाणी, विदेश मंत्री जयशंकर, निर्वाचन आयुक्त को मिला नोटिस

एसआईआर: आडवाणी, विदेश मंत्री जयशंकर, निर्वाचन आयुक्त को मिला नोटिस
Modified Date: September 20, 2026 / 10:22 pm IST
Published Date: September 20, 2026 10:22 pm IST

नयी दिल्ली, 20 सितंबर (भाषा) पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और निर्वाचन आयुक्त एस.एस. संधू समेत विभिन्न हस्तियों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत दी गई जानकारी में ‘विसंगति’ के कारण नोटिस जारी किए गए हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

एसआईआर के तहत 97 लाख से अधिक मतदाताओं की मसौदा सूची प्रकाशित होने के बाद गणना फॉर्म में दी गई जानकारी में “गड़बड़ियों” को लेकर 33.13 लाख नोटिस जारी किए जा रहे हैं। अधिकांश नोटिस 2002 में हुए पिछले एसआईआर के विवरण से मेल न खाने के कारण जारी किए गए हैं।

हालांकि, दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय का कहना है कि इन मतदाताओं के डेटा को सुधारने के लिए ये नोटिस जारी किए जा रहे हैं।

जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उनकी सूची दिल्ली के सीईओ की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि जिन्हें नोटिस जारी किए जा चुके हैं या जिन्हें जल्द ही जारी किए जाने हैं, उनमें विदेश सचिव विक्रम मिसरी, दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, जवाहरलाल नेहरू (जेएनयू) के पूर्व कुलपति एम जगदीश कुमार, दिल्ली के पूर्व उपराज्यपाल नजीब जंग, नीति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया, सेबी के अध्यक्ष तुहिन कांत पांडे, पूर्व थलसेना अध्यक्ष उपेंद्र द्विवेदी और सीबीआई निदेशक प्रवीण सूद शामिल हैं।

जिन प्रमुख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उनमें से अधिकांश के नाम नयी दिल्ली विधानसभा सीट के अंतर्गत आते हैं।

दिल्ली सीइओ कार्यालय ने कहा कि नोटिस जारी होने का मतलब यह नहीं है कि मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटा दिया जाएगा।

आडवाणी (98), उनकी बेटी प्रतिभा और बहू गीतिका को वर्ष 2002 की एसआईआर मतदाता सूची से उनके नाम का मिलान न हो पाने के बाद नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि उनके बेटे जयंत ने मिलान प्रक्रिया पूरी कर ली थी। ये चारों नयी दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हैं।

जयशंकर और उनकी पत्नी क्योको जयशंकर नयी दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के सुनहरी बाग इलाके के मतदाता हैं, उन्हें भी नोटिस मिले हैं।

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और उनकी पत्नी सुदेश को भी नोटिस दिए गए हैं।

चुनाव आयुक्त एस एस संधू को उनके नाम में अंतर के कारण नोटिस जारी किया गया है, जबकि उनके बेटे दमनबीर को माता-पिता के नाम में फर्क के कारण नोटिस दिया गया है। वे दिल्ली कैंट विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हैं।

विदेश सचिव विक्रम मिसरी को भी नोटिस जारी किया गया है।

सिसोदिया, उनकी पत्नी सीमा और बेटे मीर को भी नोटिस जारी किए गए हैं।

अधिकारियों के अनुसार, हालांकि निर्वाचन आयोग ने सिसोदिया को नोटिस भेजने का कोई कारण नहीं बताया, लेकिन मीर के नोटिस में ‘उनके माता-पिता के नाम में विसंगति’ का उल्लेख है। उनकी पत्नी सीमा के नोटिस में दिया गया कारण ‘उनके नाम में फर्क’ है।

आडवाणी और सिसोदिया के विवरण में विसंगति की पुष्टि करते हुए उन्होंने कहा, ‘ऐसे मतदाताओं द्वारा दिए जाने वाले तथ्यों और दस्तावेजों के सत्यापन की उचित प्रक्रिया के बाद उनके नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।’

अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल को भी इसी तरह के नोटिस जारी किए गए हैं।

गुप्ता की प्रविष्टि को दस्तावेजों के सत्यापन के बाद मान्य कर दिया गया था, और उनका नाम शालीमार बाग निर्वाचन क्षेत्र की अंतिम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए रखा गया है, जो चार नवंबर को प्रकाशित की जाएगी।

भाषा जोहेब नरेश

नरेश


लेखक के बारे में