त्रिशूर, 30 अगस्त (भाषा) केरल में त्रिशूर जिले के केचेरी में शनिवार को केएसआरटीसी की एक बस और एक निजी परिवहन बस के बीच टक्कर हो गई, जिससे करीब 16 यात्री घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की ‘लो-फ्लोर’ वातानुकूलित बस कोझिकोड जा रही थी जो रास्ते में विपरीत दिशा से आ रही एक निजी बस से टकरा गई।
इस संबंध में एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि आमने-सामने की टक्कर में दोनों बसों में सवार यात्री तथा चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के कारण इलाके में यातायात बुरी तरह बाधित हो गया। बाद में क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को सड़क से हटाया गया और यातायात बहाल किया गया।
कुन्नमकुलम पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो दिन के भीतर इस इलाके में यह दूसरी बड़ी दुर्घटना है। शुक्रवार सुबह एक और बस के अनियंत्रित होकर पलट जाने से 18 लोग घायल हो गए थे।
भाषा
राजकुमार नेत्रपाल
नेत्रपाल