नयी दिल्ली, तीन जून (भाष) शहर के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल ने कहा कि दक्षिण दिल्ली के हौज रानी इलाके में बुधवार को ‘फ्लोरिश स्टे बी एंड बी’ होटल में लगी भीषण आग के बाद 18 लोगों को मृत अवस्था में लाया गया, जबकि 15 अन्य को गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया।
अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में कम से कम 21 लोगों की जान चली गई और घायलों की हालत गंभीर होने के कारण मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
अस्पताल द्वारा जारी बयान में कहा गया कि घटना के बाद उसके आपातकालीन विभाग में 39 लोगों को लाया गया।
बयान के अनुसार, कई लोगों को धुएं की वजह ले सांस लेने में दिक्कत हो रही थी, कई मामूली रूप से झुलसे हुए थे और कई अन्य को ‘फ्रैक्चर’ था।
अस्पताल ने बताया कि लाए गए 39 लोगों में से 18 को मृत घोषित कर दिया गया जबकि 15 को आईसीयू में भर्ती कराया गया, जिनमें से आठ वेंटिलेटर पर हैं और उनकी हालत गंभीर है।
इसने कहा कि मामूली रूप से घायल पांच मरीजों का प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि एक मरीज को गंभीर रूप से जलने के कारण सफदरजंग अस्पताल भेज दिया गया।
अस्पताल के अनुसार, मृतकों में भारतीय और विदेशी नागरिक दोनों शामिल हैं।
बयान में कहा गया कि अस्पताल लाए गए सभी लोगों की स्वास्थ्य स्थिति की तत्काल जांच की गई और स्थापित आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रोटोकॉल के अनुसार डॉक्टरों की टीमों ने उनका इलाज किया।
अस्पताल ने कहा कि उसने अपने आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रोटोकॉल को सक्रिय कर दिया है और प्रभावित लोगों को समय पर एवं व्यापक देखभाल सुनिश्चित करने के लिए सभी उपलब्ध नैदानिक और सहायक संसाधन जुटा लिए हैं।
भाषा नोमान
नोमान नेत्रपाल
नेत्रपाल