(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में स्थित ‘फ्लोरिश स्टे बी एंड बी’ होटल में लगी भीषण से लोगों को बचाने के लिए स्थानीय लोगों ने कोई समय गंवाए इमारत की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए और सड़क पर गद्दे बिछा दिए।
अधिकारियों ने बताया कि इस अग्निकांड में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से कई होटल में ठहरे हुए विदेशी नागरिक थे।
स्थानीय निवासी अनीता चौधरी ने बताया कि कई धमाकों की गूंज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
उन्होंने कहा, ‘मैंने कई धमाकों जैसी आवाजें सुनीं और फिर इमारत के अंदर से चीखें सुनाई दीं। लोग मदद के लिए चिल्ला रहे थे और कुछ लोग अपनी जान बचाने की कोशिश में खिड़कियों से कूद रहे थे। चारों ओर अफरा-तफरी मची हुई थी और निवासी अंदर फंसे लोगों की मदद के लिए इमारत की ओर दौड़ पड़े।’
एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी संजय गोयल ने कहा कि धुआं निकलता देख बहुत से लोग इकट्ठा हो गए और होटल से लोगों को बाहर निकालने में मदद करने के लिए पहुंचे।
मौके पर सबसे पहले पहुंचने वाले लोगों में शामिल गोयल ने कहा, “हमने इमारत से घना धुआं उठता देखा और लगा कि लोग अंदर फंसे हुए हैं। निवासियों ने कंबल और रजाईयां इकट्ठा कीं और बाहर निकलने की कोशिश कर रहे लोगों की मदद करने लगे। हमने बच निकलने के रास्ते बनाने के लिए खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए और कई लोगों को बचाने में कामयाब रहे। अंदर फंसे लोग लगातार मदद के लिए चिल्ला रहे थे और आपातकालीन सेवाओं के आने से पहले वहां मौजूद सभी लोगों ने अपनी तरफ से हर संभव कोशिश की।”
गोयल के अनुसार, आसपास मौजूद लोगों ने खिड़कियों पर पत्थर फेंककर शीशे तोड़ दिए और अंदर फंसे लोगों को निकलने में मदद की।
एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी, विजय जयसवाल ने बताया कि सुबह करीब 8:30 बजे उस इलाके से गुजरते समय उन्होंने इमारत से धुआं निकलते देखा।
उन्होंने कहा, ‘धुआं देखते ही मैंने दूसरों को सतर्क किया और मेरे एक दोस्त ने तुरंत दमकल विभाग को फोन किया। यह होटल इसलिए मशहूर है, क्योंकि इसमें बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक ठहरते हैं। इनमें से कई तो ऐसे हैं जो इलाके में स्थित प्रमुख अस्पतालों में इलाज के लिए आते हैं।”
एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, एक महिला अपने बच्चे को गोद में लिए इमारत की तीसरी मंजिल से कूद गई।
व्यक्ति ने बताया, ‘इमारत में फंसे लोगों को बचाने के लिए स्थानीय लोगों द्वारा नीचे सड़क पर गद्दे बिछाए गए और एक महिला अपने छोटे बच्चे को गोद में लिए तीसरी मंजिल से कूद गई।’
महिला अपने बच्चे के साथ एक गद्दे पर गिरी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश