सवाई माधोपुर में मोबाइल फोन विवाद में 18 साल के युवक का अपहरण कर हत्या, आरोपी फरार

Ads

सवाई माधोपुर में मोबाइल फोन विवाद में 18 साल के युवक का अपहरण कर हत्या, आरोपी फरार

  •  
  • Publish Date - May 9, 2026 / 02:47 PM IST,
    Updated On - May 9, 2026 / 02:47 PM IST

जयपुर, नौ मई (भाषा) राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में कुछ लोगों ने कथित तौर पर मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद में 18 वर्षीय के एक युवक का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार कुण्डेरा थाना क्षेत्र के उलियाना गांव के निवासी मनकुश मीणा का शव शनिवार सुबह सेलू चौराहे के पास मिला।

उसने बताया कि उसके शरीर पर चोट के निशान थे और उसके कुछ कपड़े भी गायब थे।

वृत्ताधिकारी (शहर) उदय सिंह मीणा ने बताया कि शुक्रवार शाम उसी गांव के कुछ लोग मनकुश के घर आए। उस समय परिवार के बाकी सदस्य एक शादी में गए हुए थे और घर पर केवल मनकुश व उसकी बहन थी।

उन्होंने बताया कि कहासुनी के बाद वे लोग मनकुश को एक गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गए। रात को जब परिवार के सदस्य घर लौटे तो मनकुश को न पाकर उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।

अधिकारी ने बताया कि तलाश के दौरान उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था।

मनकुश के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने संदिग्धों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है, हालांकि आरोपी अभी फरार हैं।

पुलिस का मानना है कि मोबाइल फोन को लेकर हुआ विवाद इस घटना का तात्कालिक कारण है। इसके साथ ही ऑनलाइन धोखाधड़ी से जुड़े एक अन्य पहलू की भी जांच की जा रही है।

भाषा पृथ्वी खारी

खारी