काहिरा, 25 जुलाई (एपी) ईरान में लगातार दो सप्ताह से जारी अमेरिकी बमबारी के बीच शनिवार रात कोई हमला नहीं हुआ। हालांकि, रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरुमध्य पर नियंत्रण को लेकर स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है।
ईरानी स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता हुसैन करमानपुर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि ‘‘ईरान में रात शांतिपूर्ण रही’’ और किसी हमले की खबर नहीं मिली।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड से टिप्पणी के लिए अनुरोध किया गया, लेकिन तत्काल कोई जवाब नहीं मिला। हालांकि, पिछले 13 दिनों के विपरीत, उसने नए हमलों के बारे में जानकारी नहीं दी।
सऊदी नागरिक सुरक्षा बल के अनुसार, शनिवार तड़के सऊदी अरब के यनबू और जीज़ान प्रांतों में कई बार सायरन बजे, जहां लाल सागर के निकट महत्वपूर्ण तेल ठिकाने मौजूद हैं।
बल ने विस्तृत जानकारी दिए बिना कहा कि सायरन एक ‘‘संभावित खतरे’’ के कारण बजे थे। बहरीन में भी शनिवार तड़के मिसाइल अलर्ट जारी किए गए, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
अमेरिकी सेना ने शुक्रवार को ओमान की खाड़ी में एक व्यापारिक जहाज पर गोलीबारी की थी, जो ईरान के बंदरगाहों पर जारी अमेरिकी नाकेबंदी के उल्लंघन की कोशिश कर रहा था। दूसरी ओर ईरान ने अमेरिका के सहयोगी खाड़ी अरब देशों को निशाना बनाया।
हूती विद्रोहियों ने इस हफ्ते लाल सागर में सऊदी अरब के दो तेल टैंकरों को निशाना बनाया, जिससे यह चिंता बढ़ गई है कि फिर से लाल सागर के समुद्री मार्गों को बाधित करने की कोशिश कर सकते हैं
ईरानी स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस युद्ध में ईरान में अब तक 3,400 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।
क्षेत्र के विभिन्न देशों में 18 अमेरिकी सैन्यकर्मियों और इजराइल के 24 नागरिकों की भी मौत हुई है।
एपी जोहेब नेत्रपाल
नेत्रपाल