INDIA PRICE HIKE/ IMAGE SOURCE: ibc24
1st April New Rules India: नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में 1 अप्रैल से नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ कई अहम बदलाव लागू हो गए हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। सबसे बड़ा झटका कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में आया है, जो एक झटके में 218 रुपये महंगा हो गया है। इसके अलावा कॉमर्शियल और पैसेंजर वाहनों की कीमतों में भी 2% से 3% तक की बढ़ोतरी की गई है। वहीं फास्टैग के एनुअल पास की कीमत में करीब 2.5% की वृद्धि हुई है, जिससे सफर करना अब पहले से ज्यादा महंगा हो गया है।
यातायात और बैंकिंग से जुड़े नियमों में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। अब देशभर के सभी टोल प्लाजा पर कैश ट्रांजैक्शन पूरी तरह बंद कर दिया गया है और टोल टैक्स का भुगतान केवल फास्टैग या UPI के जरिए ही संभव होगा। रेलवे नियमों में बदलाव करते हुए टिकट कैंसिलेशन की समय सीमा घटाकर 8 घंटे पहले तक कर दी गई है, जिससे यात्रियों को अब पहले से ज्यादा सतर्क रहना होगा। वहीं एटीएम और अन्य वित्तीय सेवाओं से जुड़े नियमों में भी बदलाव के संकेत हैं, जिससे अतिरिक्त शुल्क का बोझ बढ़ सकता है।
टैक्स और डॉक्यूमेंट से जुड़े नियमों में भी महत्वपूर्ण बदलाव लागू हुए हैं। नई टैक्स रिजीम के तहत अब सैलरीड पर्सन के लिए 12.75 लाख रुपये तक की आय टैक्स फ्री कर दी गई है, जबकि अन्य करदाताओं को 12 लाख रुपये तक की आय पर छूट मिलेगी। पैन कार्ड बनवाने के नियमों में भी अपडेट किया गया है, जिसमें आधार कार्ड को अब जन्मतिथि के वैध दस्तावेजों की सूची से हटा दिया गया है। हालांकि, आधार अब भी एड्रेस प्रूफ के तौर पर मान्य रहेगा। कुल मिलाकर अप्रैल महीने की शुरुआत 15 बड़े बदलावों के साथ हुई है, जो हर वर्ग के लोगों के वित्तीय और दैनिक जीवन को प्रभावित करेंगे।