गुरुग्राम में मुठभेड़ के बाद 23 वर्षीय वांछित अपराधी गिरफ्तार

Ads

गुरुग्राम में मुठभेड़ के बाद 23 वर्षीय वांछित अपराधी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 3, 2026 / 09:20 PM IST,
    Updated On - June 3, 2026 / 09:20 PM IST

गुरुग्राम, तीन जून (भाषा) फिरौती के लिए अपहरण के मामले में वांछित 23 वर्षीय अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान हरियाणा के झज्जर जिले के मरौत गांव के नितिन उर्फ ​​छोटा के रूप में हुई है। उसने बताया कि बुधवार तड़के की इस घटना में घायल नितिन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, पालम विहार की अपराध शाखा को सूचना मिली कि उद्योग विहार थाने में दर्ज अपहरण के मामले का एक संदिग्ध अवैध हथियार लेकर मोटरसाइकिल पर पटौदी रोड से सेक्टर 93 इलाके की ओर जा रहा है।

अपराध शाखा की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधवार तड़के लगभग तीन बजे सड़क पर एक नाका स्थापित किया।

गुरुग्राम पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘लगभग 40 मिनट बाद एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से आता दिखा। जब पुलिस ने मोटरसाइकिल को रोकने की कोशिश की तो सवार ने वापस मुड़कर भागने का प्रयास किया। लेकिन उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई और संदिग्ध ने भागने की कोशिश में पुलिस पर गोली चलायी। एक गोली एक पुलिस अधिकारी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी।’’

उन्होंने कहा कि पुलिस दल ने संदिग्ध को बार-बार आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन वह गोलीबारी करता रहा, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई।’

अधिकारी ने बताया कि एक गोली संदिग्ध के बाएं पैर में लगी, जिससे वह जमीन पर गिर गया और जल्द ही उसे काबू में कर लिया गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपी गुरुग्राम के उद्योग विहार थाने में दर्ज एक अपहरण मामले में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी के लिए 5,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उसके पास से बरामद मोटरसाइकिल पालम विहार इलाके से चोरी हुई थी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच से पता चला है कि वह दिल्ली और हरियाणा में 17 आपराधिक मामलों में शामिल था, जिनमें फिरौती की मांग, डकैती, हत्या, शस्त्र अधिनियम का उल्लंघन और अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि फिलहाल आरोपी का इलाज जारी है और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

भाषा

शुभम अविनाश

अविनाश