आईडीएसएफएफके के लिए 31 फिल्मों को प्रदर्शन की अनुमति नहीं, केंद्र ने नहीं बताया कारण:केरलम के मंत्री

आईडीएसएफएफके के लिए 31 फिल्मों को प्रदर्शन की अनुमति नहीं, केंद्र ने नहीं बताया कारण:केरलम के मंत्री

आईडीएसएफएफके के लिए 31 फिल्मों को प्रदर्शन की अनुमति नहीं, केंद्र ने नहीं बताया कारण:केरलम के मंत्री
Modified Date: September 20, 2026 / 08:41 pm IST
Published Date: September 20, 2026 8:41 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 20 सितंबर (भाषा) केरलम के मंत्री पी सी विष्णुनाध ने रविवार को कहा कि केंद्र ने यहां होने वाले 18वें आईडीएसएफएफके से पहले सेंसर बोर्ड के प्रमाणन से छूट के लिए भेजी गई 300 से अधिक फिल्मों में से 31 को प्रदर्शन की अनुमति नहीं देने के कारण नहीं बताए हैं।

विष्णुनाध ने कहा कि राज्य सरकार ने केंद्र से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने और इन 31 फिल्मों को प्रदर्शन की अनुमति देने का अनुरोध किया है।

उन्होंने प्रक्रिया का ब्योरा देते हुए कहा कि एक चयन समिति द्वारा फिल्मों के प्रदर्शन को मंजूरी दिए जाने के बाद उन्हें सेंसरशिप से छूट के लिए केंद्र के पास भेजा गया था।

विष्णुनाध ने कहा कि इसके बाद केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने 20 फिल्मों का विस्तृत सारांश मांगा, जिसे तुरंत उपलब्ध करा दिया गया।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने पत्रकारों से कहा, ‘‘इन सबके बाद भी केंद्र सरकार ने 31 फिल्मों को अनुमति नहीं दी है। हालांकि, उसने यह भी नहीं कहा कि इन फिल्मों की अनुमति खारिज कर दी गई है। उसने केवल यह बताया है कि हमारे द्वारा भेजी गई कितनी फिल्मों को मंजूरी दी गई है।’’

उन्होंने कहा कि केंद्र के इस फैसले के कारणों को लेकर कोई स्पष्टता नहीं है।

केरलम का 18वां अंतरराष्ट्रीय वृत्तचित्र और लघु फिल्म महोत्सव (आईडीएसएफएफके) यहां 25 से 30 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा।

भाषा प्रचेता संतोष

संतोष


लेखक के बारे में