विशाखापत्तनम में भारत, श्रीलंका की नौसेनाओं के बीच द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास
विशाखापत्तनम में भारत, श्रीलंका की नौसेनाओं के बीच द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास
नयी दिल्ली, 20 सितंबर (भाषा) भारत और श्रीलंका की नौसेनाएं विशाखापत्तनम में एक द्विपक्षीय युद्धाभ्यास कर रही हैं, जिसका उद्देश्य समुद्री सहयोग को मजबूत करना और आपसी सहभागिता को बढ़ावा देना है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने बताया कि श्रीलंका-भारत द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास ‘स्लीनेक्स-26’ का 13वां संस्करण 17 से 21 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि युद्धाभ्यास की शुरुआत बंदरगाह चरण से हुई, जिसके बाद समुद्री चरण आयोजित किया जाएगा।
प्रवक्ता के मुताबिक, युद्धाभ्यास में भारतीय नौसेना की ओर से स्वदेशी रूप से निर्मित पनडुब्बी रोधी युद्धपोत ‘आईएनएस कवरत्ती’ और बेड़े का टैंकर जहाज ‘आईएनएस ज्योति’ हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसमें श्रीलंकाई नौसेना का प्रतिनिधित्व ‘एसएलएनएस सिंदुराला’ कर रहा है।
वर्ष 2005 में शुरू हुआ ‘स्लीनेक्स’ दोनों नौसेनाओं के बीच समुद्री सहयोग, आपसी सहभागिता और द्विपक्षीय समझ को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में उभरा है।
भाषा जोहेब पारुल
पारुल

Facebook


