दिल्ली में कोरोना वायरस के 320 नए मामले, चार की मौत

Ads

दिल्ली में कोरोना वायरस के 320 नए मामले, चार की मौत

  •  
  • Publish Date - March 9, 2021 / 01:36 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:00 PM IST

नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) दिल्ली में मंगलवार को कोरोना वायरस के 320 नए मरीजों की पुष्टि हुई और चार संक्रमितों ने दम तोड़ दिया। राष्ट्रीय राजधानी में दो दिन के बाद 300 से अधिक मामले रिपोर्ट हुए हैं।

स्वास्थ्य विभाग के ताजे बुलेटिन के मुताबिक, एक दिन पहले 66,744 नमूनों की जांच की गई थी जिनमें से 320 नमूनों में कोविड-19 का संक्रमण पाया गया।

बुलेटिन के मुताबिक, दिल्ली में संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या मंगलवार को बढ़कर 1812 हो गई जो सोमवार को 1730 थी।

उसमें बताया गया है कि चार और संक्रमितों की मौत के बाद मृतक संख्या 10,928 पहुंच गई है।

नमूनों के संक्रमित आने की दर में मामूली गिरावट हुई है। यह एक दिन पहले 0.50 फीसदी थी जो गिरकर 0.48 हो गई है।

राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को 286 और सोमवार को 239 नए मामले आए थे। शनिवार को करीब डेढ़ महीने बाद एक दिन में सबसे अधिक 321 मामलों की पुष्टि हुई थी।

बुलेटिन में बताया गया है कि मंगलवार को नए संक्रमितों की पुष्टि के बाद कुल मामले 6,41,660 पहुंच गए हैं।

मार्च के शुरू से कोरोना वायरस के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है।

दिल्ली में मंगलवार तक 952 लोग घर में पृथक-वास में है जबकि 6.28 लाख से अधिक लोग संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं।

भाषा नोमान नरेश

नरेश