भुवनेश्वर, 23 सितंबर (भाषा) ओडिशा के सतर्कता विभाग ने बुधवार को बरगढ़ जिले के एक पंचायत कार्यकारी अधिकारी (पीईओ) को आय से अधिक संपत्ति रखने के मामले में गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, इससे एक दिन पहले उसके ठिकानों से 35 प्लॉट, दो भवन, एक बाजार परिसर, गोदाम, 2.98 लाख रुपये नकद और अन्य संपत्तियों का पता चला था।
अधिकारियों के अनुसार, सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने गुप्त सूचना के आधार पर बरगढ़ जिले की कताभाल पंचायत के पंचायत कार्यकारी अधिकारी कार्तिकेश्वर बेहरा की संपत्तियों से जुड़े छह ठिकानों पर छापेमारी की।
तलाशी अभियान के दौरान सतर्कता विभाग को दो मंजिला भवन, एक निर्माणाधीन भवन, बाजार परिसर, एक गोदाम, 35 प्लॉट, 2.98 लाख रुपये नकद, एक चार पहिया वाहन, एक ट्रैक्टर और चार मोटरसाइकिल मिलीं।
सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा करीब 3.70 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और घरेलू सामान तथा गोदाम में रखा 22 लाख रुपये मूल्य का महुआ के फूल भी बरामद किए गए।
भ्रष्टाचार निरोधक विभाग ने बेहरा के खिलाफ संबलपुर थाने में मामला दर्ज किया और बुधवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों के अनुसार, बेहरा ने जुलाई 1994 में गैसिलेट ग्राम पंचायत के सचिव के रूप में सरकारी सेवा शुरू की थी। उस समय उनका शुरुआती वेतन 500 रुपये प्रतिमाह था। वर्ष 2009 में उन्हें पदोन्नति देकर पंचायत कार्यकारी अधिकारी बनाया गया। वह पिछले 30 वर्षों से अधिक समय से बरगढ़ जिले में सेवा दे रहे हैं और वर्तमान में उनका वेतन 52,320 रुपये प्रतिमाह है।
भाषा रवि कांत रवि कांत सुरेश
सुरेश