हैदराबाद में 3,900 किलोग्राम मिलावटी पनीर समेत अन्य दुग्ध उत्पाद जब्त, छह लोगों को हिरासत में लिया

Ads

हैदराबाद में 3,900 किलोग्राम मिलावटी पनीर समेत अन्य दुग्ध उत्पाद जब्त, छह लोगों को हिरासत में लिया

  •  
  • Publish Date - March 19, 2026 / 05:49 PM IST,
    Updated On - March 19, 2026 / 05:49 PM IST

हैदराबाद, 19 मार्च (भाषा) हैदराबाद में मिलावटी पनीर और अन्य दुग्ध उत्पादों की बिक्री में कथित तौर पर शामिल छह लोगों को हिरासत में लिया गया तथा लगभग 3,900 किलोग्राम दूषित उत्पाद जब्त किए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

तैयार किए गए पनीर को खुले प्लास्टिक के डिब्बों में रखा गया था जिससे वह धूल, मक्खियों और अन्य दूषित पदार्थों के सीधे संपर्क में आने से मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त हो गया।

हैदराबाद आयुक्त के कार्य बल के अधिकारियों ने ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) के खाद्य सुरक्षा अधिकारी के साथ समन्वय कर बुधवार को सिकंदराबाद में महाकाली मंदिर के पास गंज बाजार में औचक निरीक्षण किया।

पुलिस ने एक विज्ञप्ति में कहा है कि निरीक्षण के दौरान टीम ने थोक और खुदरा की छह दुकानों पर छापा मारा तथा छह लोगों – जयपाल सिंह राजपुरोहित, कोलारिया वैभव, नरेश कोलारिया, प्रेम अनिल व्यास, राम किशोर कोलारिया और लक्ष्मी नारायण कोलारिया को पकड़ लिया।

टीम ने पाया कि ये प्रतिष्ठान अज्ञात स्रोतों से बड़ी मात्रा में कथित तौर पर मिलावटी या अस्वच्छ पनीर और अन्य डेयरी उत्पाद प्राप्त कर रहे थे, जिन्हें वे खाद्य खानपान सेवाओं, होटलों और अन्य ग्राहकों को बाजार में 280 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से गुणवत्तापूर्ण पनीर के रूप में बेचकर अवैध रूप से आसान मुनाफा कमा रहे थे।

ब्रैंड का नाम, उत्पादन तिथि और सामग्री उपयोग की अंतिम वैध तिथि जैसी कोई उचित जानकारी नहीं दी गई थी तथा कीट नियंत्रण संबंधी कोई रिकॉर्ड भी नहीं मिला।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि पनीर, घी, अजमेरा कलाकंद और सफेद क्रीम सहित 3,892 किलोग्राम दुग्ध उत्पाद जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत 11.11 लाख रुपये है।

हिरासत में लिए गए व्यक्तियों और जब्त की गई सामग्री को आगे की कार्रवाई के लिए महाकाली थाने के प्रभारी को सौंप दिया गया है।

भाषा यासिर पवनेश

पवनेश