जयपुर में देश-विदेश से 450 विशेषज्ञ हड्डी कैंसर जांच एवं उपचार की पद्धतियों पर करेंगे चर्चा

Ads

जयपुर में देश-विदेश से 450 विशेषज्ञ हड्डी कैंसर जांच एवं उपचार की पद्धतियों पर करेंगे चर्चा

  •  
  • Publish Date - March 5, 2026 / 08:30 PM IST,
    Updated On - March 5, 2026 / 08:30 PM IST

जयपुर, पांच मार्च (भाषा) भगवान महावीर कैंसर अस्पताल एंड रिसर्च सेंटर और ‘इंडियन मस्क्युलोस्केलेटल ऑन्कोलॉजी सोसाइटी’ के संयुक्त तत्वावधान में यहां सात मार्च से अंतरराष्‍ट्रीय सम्मेलन ‘आईएमएसओएस 2026 -बीएमकॉन’ का आयोजन होगा। आयोजकों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि वैसे तो राजस्थान अंतरराष्‍ट्रीय केंद्र (आरआईसी) में इस तीन दिवसीय सम्मेलन की शुरुआत छह मार्च को कार्यशाला के साथ होगी, लेकिन मुख्य सम्मेलन सात मार्च से शुरू होगा जिसमें देश-विदेश के 450 से अधिक हड्डी कैंसर विशेषज्ञ भाग लेंगे।

सम्मेलन के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि दक्षिण पश्चिम कमान के ‘जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ’ लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह होंगे।

यह सम्मेलन ‘ऑर्थोपेडिक ऑन्कोलॉजी’ के विशेषज्ञों, सर्जन्स, हड्डी रोग विशेषज्ञ एवं शोधकर्ताओं को एक साझा मंच प्रदान करेगा, जहां हड्डी एवं ‘सॉफ्ट टिश्यू कैंसर’ के नवीनतम उपचार, अनुसंधान, सर्जिकल तकनीकों एवं बहु-विषयक दृष्टिकोण पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

सम्मेलन के आयोजन अध्यक्ष डॉ. प्रवीण गुप्ता ने बताया कि हड्डी कैंसर के उपचार से संबंधित देश-विदेश में कई तरह के अनुसंधान चल रहे हैं, इन अनुसंधान, पद्धतियों और चुनौतियों पर चर्चा के लिए यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।

आयोजन सचिव डॉ. अरविन्द ठाकुरिया ने बताया कि सम्मेलन के पहले दिन दो कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।

उनके अनुसार पहली कार्यशाला पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी पर होगी, जिसमें हड्डी कैंसर की सटीक पहचान से जुड़े पहलुओं पर चर्चा होगी। दूसरी कार्यशाला में चिकित्सा एवं विकिरण कैंसर उपचार पद्धति से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे।

भाषा बाकोलिया राजकुमार

राजकुमार

ताजा खबर