कोलकाता, 14 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की है कि राज्य में इस वर्ष 7.2 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से वृक्षारोपण अभियान में तेजी लाने और इस मामले में उत्तर प्रदेश से प्रतिस्पर्धा करने को कहा।
मंगलवार से शुरू हो रहे सप्ताह भर के ‘अरण्य सप्ताह’ अभियान की तैयारियों की सोमवार को समीक्षा के दौरान अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य भर में आयोजित होने वाले 75 रथयात्रा मेलों में लगाए जाने वाले सरकारी सेवा केंद्रों के माध्यम से पौधों का वितरण किया जाए।
उन्होंने कहा, ‘‘इन शिविरों से पौधों का वितरण शुरू करें। फलदार पौधों के साथ-साथ तटीय क्षेत्रों में, जहां आंधी-तूफान अधिक आते हैं, नारियल के पौधों के वितरण को भी प्रोत्साहित करें। हमने 7.2 करोड़ पौधे लगाने का फैसला किया है।’’
देश के अन्य हिस्सों में घोषित वृक्षारोपण लक्ष्यों का उल्लेख करते हुए अधिकारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल को इस मामले में पीछे नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘आज सुबह मैंने एक समाचार चैनल पर देखा कि उत्तर प्रदेश 26 करोड़ पौधे लगाने की योजना बना रहा है और केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह भी अपने लोकसभा क्षेत्र गांधीनगर (गुजरात) में 1.20 करोड़ पौधे लगाएंगे। पश्चिम बंगाल भी एक बड़ा राज्य है और मेरा मानना है कि हम इस क्षेत्र में उत्तर प्रदेश से प्रतिस्पर्धा कर सकते हैं।’’
मुख्यमंत्री ने वन विभाग के सचिव और कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के आयुक्त को अपने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में पौधों के वितरण की योजना तैयार करने का भी निर्देश दिया, ताकि अभियान में लोगों की अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
बाद में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में अधिकारी ने लोगों से वृक्षारोपण अभियान में हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘‘मैं प्रत्येक नागरिक से ‘अरण्य सप्ताह’ मनाने और अपनी मां के नाम पर एक पौधा लगाने का आग्रह करता हूं।’’
भाषा मनीषा शोभना
शोभना