मेदिनीनगर, 27 अप्रैल (भाषा) झारखंड के पलामू जिले में छापेमारी के दौरान पुलिस ने 840 लीटर अवैध शराब जब्त की और बिहार के छह लोगों को शराब पड़ोसी राज्य में ले जाने की कोशिश करने के आरोप में गिरफ्तार किया, जहां शराब प्रतिबंधित है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि छतरपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत छतरपुर-जपला मुख्य सड़क पर शराब की एक दुकान के पास छापा मारा गया, क्योंकि सूचना मिली थी कि एक वाहन के जरिये अवैध शराब बिहार ले जाई जा रही है।
छतरपुर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) अवध कुमार यादव ने बताया, ‘‘वाहन की तलाशी लेने पर 840 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। इसके बाद वाहन में सवार छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।’’
यादव ने बताया कि सभी छह आरोपी बिहार के औरंगाबाद जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान उन्होंने कहा कि वे मिलावटी शराब बनाने के लिए यह खेप ले जा रहे थे।
बिहार सरकार ने 2016 में राज्य में शराब और नशीले पदार्थों के निर्माण, व्यापार, भंडारण, परिवहन, बिक्री और सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था। हालांकि, उसके बाद जहरीली शराब से जुड़े कई घटनाएं हुईं जिनमें कई लोगों की मौत हो गई।
भाषा
अमित अविनाश
अविनाश