करोल बाग में जयपुर से आ रही बस पलटी; दो लोगों की मौत, 23 व्यक्ति घायल

Ads

करोल बाग में जयपुर से आ रही बस पलटी; दो लोगों की मौत, 23 व्यक्ति घायल

  •  
  • Publish Date - March 25, 2026 / 01:45 PM IST,
    Updated On - March 25, 2026 / 01:45 PM IST

(तस्वीर सहित)

नयी दिल्ली, 25 मार्च (भाषा) मध्य दिल्ली के करोल बाग इलाके में हनुमान मंदिर के पास मंगलवार देर रात एक ‘स्लीपर बस’ पलटने से दो यात्रियों की मौत हो गई और कम से कम 23 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि रात करीब एक बजे करोल बाग थाने को घटना की सूचना मिली जिसमें बताया गया कि दुर्घटना के बाद कई यात्री एक बस के अंदर फंसे हुए हैं।

मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रोहित राजबीर ने बताया कि जयपुर से दिल्ली आने वाली बस में लगभग 30 यात्री सवार थे।

अधिकारी ने बताया कि करोल बाग थाना प्रभारी (एसएचओ) के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम, पिकेट स्टाफ और रात्रि गश्त कर्मियों के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर बस को पलटा हुआ पाया।

उन्होंने बताया, ‘‘यात्री बस के अंदर फंसे थे और मदद के लिए गुहार लगा रहे थे।’’

डीसीपी ने बताया कि पुलिसकर्मियों, दिल्ली अग्निशमन सेवा और स्थानीय लोगों ने तुरंत फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। उन्होंने कहा कि पास में मौजूद एक जेसीबी मशीन की मदद से बस को सीधा किया गया और फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला गया।

निर्मल नामक एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, ‘‘हमारे पहुंचने से लगभग पांच मिनट पहले बस पलट गई और उसमें सवार सभी यात्री घायल हो गए। यह बस राजस्थान में कहीं से आ रही थी और नोएडा की ओर जा रही थी।’’

उन्होंने बताया, ‘‘रात में इस इलाके में बहुत अंधेरा होता है, इसलिए संभवत: चालक को कुछ दिखाई नहीं दिया होगा। बस तेज रफ्तार में थी और अचानक पलट गई। बस एक वाहन से भी टकराई और यहां लगे कई बोर्ड को भी तोड़ दिया। मैं उस बस में नहीं था; मैं उत्तम नगर से नयी दिल्ली जा रहा था।’’

पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से घायल जिन 10 यात्रियों को बस से निकाला गया उन्हें तुरंत गंगा राम अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद, 12 घायलों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल और एक व्यक्ति को लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।

अधिकारी ने कहा कि घायल दो पुरूष यात्रियों ने राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में दम तोड़ दिया।

उन्होंने बताया कि मृतकों में से एक की पहचान उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी शाहबाज आलम (30) के रूप में हुई है जबकि अन्य की उम्र 20 वर्ष के आसपास है और उसकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है।

राजस्थान के अलवर निवासी बस चालक पंकज कुमार (26) को हिरासत में ले लिया गया है और लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज हो रहा है।

अधिकारी ने बताया, ‘‘मामले की जांच जारी है और अस्पतालों से घायलों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’

अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मियों की त्वरित कार्रवाई तथा जनता और अग्निशमन विभाग की सहायता से कई जानें बचाई जा सकीं।

भाषा सुरभि नोमान

नोमान