नोएडा (उत्तर प्रदेश), 16 फरवरी (भाषा) गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर क्षेत्र में निर्माणाधीन नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा परिसर क्षेत्र में अवैध रूप से ड्रोन उड़ाए जाने की शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
जेवर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि हवाई अड्डा की सुरक्षा संभाल रही एक निजी एजेंसी के पर्यवेक्षक कृष्णकांत की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है।
उन्होंने शिकायत के हवाले से बताया कि पिछले दो-तीन दिन से रनहेरा-कुरैब गांव की ओर से झाझर रोड दिशा में ड्रोन परिसर में प्रवेश करते हैं और कुछ समय बाद उसी दिशा में लौट जाते हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि हवाई अड्डा क्षेत्र को ‘नो-ड्रोन फ्लाई जोन’ घोषित किया है जहां सुरक्षा कारणों से ड्रोन उड़ाना पूरी तरह प्रतिबंधित है क्योंकि ऐसी गतिविधियां सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं।
भाषा सं
खारी
खारी