एचएमडब्ल्यूएसएसबी के एक अधिकारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया

एचएमडब्ल्यूएसएसबी के एक अधिकारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया

एचएमडब्ल्यूएसएसबी के एक अधिकारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया
Modified Date: May 19, 2026 / 10:28 pm IST
Published Date: May 19, 2026 10:28 pm IST

हैदराबाद, 19 मई (भाषा) भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को बताया कि उसने हैदराबाद मेट्रोपॉलिटन जल आपूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड (एचएमडब्ल्यूएसएसबी) के एक अधिकारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है।

ब्यूरो ने बताया कि तलाशी के दौरान उनके आवास और उनके रिश्तेदारों एवं अन्य सहयोगियों से जुड़े स्थानों से 5.88 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद की गई।

एसीबी ने एक बयान जारी कर बताया कि यह मामला बोर्ड के महाप्रबंधक (इंजीनियरिंग), प्रोजेक्ट डिवीजन-आठ के खिलाफ दर्ज किया गया है।

उन पर आरोप है कि उन्होंने अपने सेवा काल के दौरान “भ्रष्टाचारपूर्ण गतिविधियों और संदिग्ध तरीकों” से अपनी ज्ञात आय के स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित की।

यह अपराध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (2018 में संशोधित) के तहत दंडनीय है।

इसी के तहत मंगलवार को अधिकारी के आवास सहित कुल आठ स्थानों पर छापेमारी की गई, जो उनके रिश्तेदारों, मित्रों, कथित ‘बेनामी’ और अन्य सहयोगियों से जुड़े हुए थे।

तलाशी के दौरान 18 एकड़ कृषि भूमि, छह खुले प्लॉट, तीन फ्लैट और एक मकान से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए।

इसके अलावा, कार्रवाई के दौरान आरोपी अधिकारी के घर से 1.10 करोड़ रुपये नकद, 2.1 किलोग्राम सोने के आभूषण और 9.2 किलोग्राम चांदी की वस्तुएं भी मिलीं। साथ ही एक कार और एक बाइक भी जब्त/बरामद की गई।

एसीबी के अनुसार, कुल मिलाकर 5,88,55,490 रुपये मूल्य की संपत्तियां पाई गईं। एजेंसी ने यह भी कहा कि चल और अचल संपत्तियों का बाजार मूल्य दस्तावेजी मूल्य से कई गुना अधिक हो सकता है।

भाषा रंजन माधव

माधव


लेखक के बारे में