मिजोरम के कोलासिब जिले में भूस्खलन में एक बच्चे की मौत, चार घायल

Ads

मिजोरम के कोलासिब जिले में भूस्खलन में एक बच्चे की मौत, चार घायल

  •  
  • Publish Date - September 12, 2026 / 11:43 AM IST,
    Updated On - September 12, 2026 / 11:43 AM IST

आइजोल, 12 सितंबर (भाषा) मिजोरम के कोलासिब जिले में शनिवार को भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में 14 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

कोलासिब के पुलिस अधीक्षक लालरिनपुइया वार्ते ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह घटना मिजोरम-असम सीमा के पास वैरेंगटे कस्बे में तड़के करीब साढ़े चार बजे हुई।

उन्होंने कहा, ‘‘जोडिंगलियाना नाम के 14 वर्षीय लड़के की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस और स्थानीय स्वयंसेवकों ने उसका शव मलबे से निकाला।’’

वार्ते ने बताया कि दो घायलों को असम के सिलचर ले जाया गया है, जबकि दो अन्य को वैरेंगटे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘भूस्खलन में दो मकान नष्ट हो गए। इनमें लकड़ी से बना एक दोमंजिला मकान और स्थानीय तौर पर ‘असम शैली का घर’ कहा जाने वाला एक अन्य मकान शामिल है। इन दोनों मकानों में तीन परिवारों के कुल 17 लोग रहते थे।’’

भाषा

सिम्मी नेत्रपाल

नेत्रपाल