कोच्चि, 12 सितंबर (भाषा) कोच्चि के मराडू पुलिस थाने में मादक पदार्थ मामले के आरोपी के हमले में तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
घायलों में सिविल पुलिस अधिकारी फजल पीएम, सहायक उप-निरीक्षक सुमेश कुमार के. और उप-निरीक्षक जैक्सन के. शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार रात अलाप्पुझा के कुथियाथोडु निवासी रंजीत (32) ने उन पर हमला किया।
पुलिस ने बताया कि फजल के दाहिने हाथ की हड्डी टूट गई थी जबकि सुमेश कुमार की कोहनी अपनी जगह से हट गई और जैक्सन की गर्दन में गंभीर चोट आई।
अधिकारियों ने बताया कि रंजीत को शुक्रवार रात वायट्टिला में गिरफ्तार किया गया था और उसके पास से अल्प मात्रा में एमडीएमए बरामद की गई थी।
पुलिस ने बताया कि मराडू थाने लाए जाने के बाद रंजीत उग्र हो गया।
उसने बताया कि जब रंजीत को काबू करने की कोशिश की गई तो उसने अधिकारियों पर हमला कर दिया। रंजीत एक मुक्केबाज है और मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण ले चुका है।
अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की मदद से रंजीत को काबू में किया गया और कलामासेरी स्थित एर्णाकुलम मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया।
घायल पुलिस अधिकारियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस को शक है कि रंजीत ने नशे में अधिकारियों पर हमला किया होगा।
पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थ बरामदगी के मामले के अलावा पुलिस अधिकारियों पर हमला करने के आरोप में रंजीत के खिलाफ एक अलग मामला भी दर्ज किया गया है।
भाषा सुरभि शोभना
शोभना