ओएसडी के घर नकदी बरामद होने के बाद कांग्रेस नेता हरीश रावत ने की पार्टी के सभी पद छोड़ने की घोषणा

Ads

ओएसडी के घर नकदी बरामद होने के बाद कांग्रेस नेता हरीश रावत ने की पार्टी के सभी पद छोड़ने की घोषणा

  •  
  • Publish Date - September 12, 2026 / 11:36 AM IST,
    Updated On - September 12, 2026 / 11:36 AM IST

देहरादून, 12 सितंबर (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने अपने ओएसडी चंदन सिंह जीना के घर से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के छापे में बड़ी मात्रा में नकदी और गहने बरामद होने के बाद शनिवार को पार्टी के सभी पद छोड़ने की घोषणा की।

रावत ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में हालांकि कहा कि हमेशा उनके साथ रहे जीना के खिलाफ भर्ती परीक्षओं में कथित हेराफेरी के आरोपों पर उन्हें विश्वास नहीं है लेकिन वह बिल्कुल नहीं चाहते कि इससे उनकी पार्टी का संघर्ष कमजोर पड़े।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और पार्टी कार्यकर्ता भ्रष्टाचार के खिलाफ लामबंद हैं। पार्टी नेता राहुल गांधी राष्ट्रीय स्तर पर ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा प्रणाली में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘ इसलिए मैंने अभी अपने इष्ट देवता का स्मरण करके एक बड़ा निर्णय लिया है। …….. मैं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी का सदस्य हूं और राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस कार्यसमिति का स्थाई आमंत्रित सदस्य हूं और मैं बहुत विनम्रता पूर्वक इन दोनों पदों से हटना चाहूंगा, क्योंकि पार्टी का संघर्ष में मेरी वजह से कमजोर नहीं पड़ना चाहिए।’’

रावत ने कहा, ‘‘ जीना के पास से भारी मात्रा में नकदी और आभूषण पकड़े गए या पकड़वाए गए, इस तथ्य का खुलासा तो आने वाले समय में होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ जीना एक सज्जन और विनम्र व्यक्ति हैं। यदि ग्राम सेवकों की भर्ती में ओएमआर शीट के साथ छेड़छाड़ की गई और यदि इस तरीके की कोई भी गलती उन्होंने की है, उसके प्रमाण हैं तो उनके इस तथाकथित कृत्य के लिए मैं लज्जित हूं। परंतु मुझे इस आरोप पर बिल्कुल विश्वास नहीं है।’’

रावत ने आरोप लगाया कि हर बार चुनाव के समय केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) उनके दरवाजे पर दस्तक देने आती है लेकिन इस बार उनके घर के बजाय उनके एक सहयोगी के घर पर दस्तक देकर एक ‘विमर्श’ बनाने का प्रयास किया गया है।

भाषा दीप्ति नेत्रपाल शोभना

शोभना