लोहरदगा, 31 जुलाई (भाषा) झारखंड के लोहरदगा जिले में शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्रक ने एक दंपति को कुचल दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा सदर पुलिस थाना इलाके में बरवाटोली के पास हुआ, जब यह दंपति सेरनेनघाटू की ओर जा रहा था।
उन्होंने बताया कि पीड़ितों की पहचान वारिस अंसारी (24) और उनकी पत्नी सानिया खातून (21) के तौर पर हुई है, जो उसी पुलिस थाना क्षेत्र के कुरसे गांव के रहने वाले थे।
सदर पुलिस थाने के प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर ने बताया, “तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से स्कूटर सवार दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।”
उन्होंने बताया कि बीएस कॉलेज के पास पुलिस पिकेट के निकट ट्रक को रोका गया तो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसे पकड़ने के लिए तलाश कर रही है। उन्होंने कहा कि आगे की जांच चल रही है।
भाषा प्रशांत रंजन
रंजन