राजस्थान में कोटा रेलवे स्टेशन पर एक सीआरपीएफ जवान मृत मिला

राजस्थान में कोटा रेलवे स्टेशन पर एक सीआरपीएफ जवान मृत मिला

राजस्थान में कोटा रेलवे स्टेशन पर एक सीआरपीएफ जवान मृत मिला
Modified Date: July 12, 2026 / 08:47 pm IST
Published Date: July 12, 2026 8:47 pm IST

कोटा, 12 जुलाई (भाषा) राजस्थान में कोटा रेलवे स्टेशन पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का 50-वर्षीय एक जवान संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है।

उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश के नीमच में सीआरपीएफ में पदस्थापित अमरेंद्र राय शनिवार सुबह रेलवे स्टेशन के प्लेटफ़ॉर्म नंबर दो पर बेहोश पाए गए।

राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के क्षेत्राधिकारी (कोटा) गुलजारी लाल ने बताया कि स्टेशन मास्टर ने तड़के करीब साढ़े चार बजे पुलिस को सूचित किया कि प्लेटफॉर्म पर एक व्यक्ति बेहाश पड़ा है।

उन्होंने बताया कि जीआरपी की एक टीम और एक रेलवे डॉक्टर मौके पर पहुंचा तथा उन्होंने परीक्षण के बाद सीआरपीएफ जवान को मृत घोषित कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि राय के पास से मिले दस्तावेज़ों से उनकी पहचान करने में मदद मिली। वह असम में बोंगाईगांव ज़िले के माणिकपुर के रहने वाले थे।

अधिकारी ने बताया कि राय के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं था।

लाल ने बताया कि रविवार को राय के परिवार के सदस्य कोटा पहुंचे, जिसके बाद पोस्टमार्टम के उपरांत शव उन्हें सौंप दिया गया।

लाल के अनुसार, मौत की वजह का पता लगाने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार ने कोई आरोप नहीं लगाया है।

पुलिस के मुताबिक, राय परिवार के साथ छुट्टियां बिताने के बाद दो जुलाई को घर से निकले थे और नीमच में अपनी ड्यूटी पर वापस जा रहे थे, हालांकि रास्ते में वह कुछ शहरों में रुके थे।

भाषा राजकुमार सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में