ओडिशा: मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद अपराधी गिरफ्तार

ओडिशा: मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद अपराधी गिरफ्तार

ओडिशा: मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद अपराधी गिरफ्तार
Modified Date: July 12, 2026 / 09:13 pm IST
Published Date: July 12, 2026 9:13 pm IST

ब्रह्मपुर (ओडिशा), 12 जुलाई (भाषा) ओडिशा के गंजाम जिले में गांजा तस्करी करने से इनकार करने पर एक चालक को कथित तौर पर बंधक बनाकर पीटने के आरोप में एक घोषित अपराधी को रविवार को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, यह घटना करीब एक महीने पहले हुई थी, लेकिन शनिवार को मारपीट का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला प्रकाश में आया और लोगों में आक्रोश फैल गया।

पुलिस ने बताया कि ब्रह्मपुर के प्रताप कृष्ण चंद्रपुर निवासी आरोपी आर. शिवराम उर्फ आर. अरूप को ब्रह्मपुर सदर थाने में मामला दर्ज किए जाने के बाद गिरफ्तार किया गया।

ब्रह्मपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आलोक जेना ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से कम से कम तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

कृपासिंधुपुर निवासी पीड़ित प्रशांत दास ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी ने उस पर गांजे की अवैध ढुलाई के लिए वाहन चलाने का दबाव बनाया। इनकार करने पर उसे एक कमरे में बंधक बनाकर पीटा गया।

दास ने बताया कि जान का खतरा होने के डर से उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने में देरी की।

एएसपी ने कहा, ‘‘हमने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।’’

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी और पीड़ित एक-दूसरे को पहले से जानते थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर दास से गांजे की अवैध ढुलाई करने के लिए कहा था। इनकार करने पर उसने दास को एक कमरे में बंधक बना लिया और एक छड़ से उसकी पिटाई की।

एएसपी ने बताया कि घटना में कथित रूप से शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

भाषा

राखी नरेश

नरेश


लेखक के बारे में