कर्नाटक में हाथी के हमले में एक दिहाड़ी मजदूर की मौत
कर्नाटक में हाथी के हमले में एक दिहाड़ी मजदूर की मौत
मंगलुरु (कर्नाटक), दो अगस्त (भाषा) कर्नाटक के बेल्थंगडी तालुक में जंगली हाथी के हमले में 55 वर्षीय एक दिहाड़ी मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान बालकृष्ण गौड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार देर शाम नेल्याडी थानाक्षेत्र के रेख्या गांव में मुचिराडका के पास गौड़ा पर हाथी ने हमला कर दिया।
पुलिस का कहना है कि काम के बाद जब वह घर नहीं लौटे, तो उनके परिवार वालों और स्थानीय लोगों ने उनकी तलाश शुरू की।
पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान उन्हें जंगल के रास्ते पर गौड़ा का रैनकोट नजर आया जिससे आशंका हुई कि उनपर जंगली हाथी ने हमला किया होगा।
स्थानीय लोगों और वन विभाग के कर्मचारियों की गहन खोजबीन के बाद, रविवार सुबह गौड़ा का शव पास की एक खाई में मिला।
सहायक वन संरक्षक सुब्बैया नाइक, उप्पिनंगडी क्षेत्र के वन अधिकारी राघवेंद्र एच पी और धर्मस्थल पुलिस के उपनिरीक्षक समर्थ गनिगेरा जैसे वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया एवं इलाके का निरीक्षण किया।
अरासिनामाक्की-शिशिला शौर्य आपदा प्रबंधन इकाई के सदस्यों ने भी शव को बाहर निकालने के काम में वन विभाग की मदद की।
भाषा राजकुमार संतोष
संतोष

Facebook


