जम्मू से अमरनाथ के लिए 5,284 तीर्थयात्रियों का जत्था रवाना

Ads

जम्मू से अमरनाथ के लिए 5,284 तीर्थयात्रियों का जत्था रवाना

  •  
  • Publish Date - July 17, 2022 / 12:28 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:54 PM IST

जम्मू, 17 जुलाई (भाषा) जम्मू कश्मीर में अमरनाथ गुफा के लिए 5,200 से अधिक तीर्थयात्रियों का 18वां जत्था रविवार को रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कड़ी सुरक्षा के बीच 225 वाहनों के काफिले में कुल 5,284 तीर्थयात्री भगवती नगर यात्री निवास से रवाना हुए।

उन्होंने कहा कि बालटाल जाने वाले 1,743 तीर्थयात्री सबसे पहले 87 वाहनों में तड़के 3.20 बजे रवाना हुए, इसके बाद 138 वाहनों का दूसरा काफिला 3,541 तीर्थयात्रियों को लेकर सुबह 4.20 बजे पहलगाम के लिए रवाना हुआ।

वार्षिक 43-दिवसीय यात्रा 30 जून को दो आधार शिविरों – दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में पारंपरिक 48 किलोमीटर नुनवान-पहलगाम और मध्य कश्मीर के गांदरबल में बालटाल से 14 किलोमीटर के छोटे मार्ग से शुरू हुई।

अधिकारियों ने कहा कि अब तक 1.65 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने गुफा में प्राकृतिक रूप से निर्मित हिम-शिवलिंग की पूजा अर्चना की है।

इसके साथ ही 29 जून से घाटी के लिए भगवती नगर आधार शिविर से कुल 1,05,109 तीर्थयात्री रवाना हुए हैं। इसी दिन उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाई थी। यह यात्रा 11 अगस्त को रक्षा बंधन के दिन समाप्त होगी।

भाषा सुरभि शोभना

शोभना