50 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर पांच साथियों समेत गिरफ्तार, छह अवैध हथियार एवं 10 कारतूस बरामद

Ads

50 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर पांच साथियों समेत गिरफ्तार, छह अवैध हथियार एवं 10 कारतूस बरामद

  •  
  • Publish Date - August 31, 2026 / 10:13 PM IST,
    Updated On - August 31, 2026 / 10:13 PM IST

जयपुर, 31 अगस्त (भाषा) राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में 50 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर को उसके पांच सहयोगियों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से छह अवैध हथियार और 10 कारतूस बरामद किए हैं।

हनुमानगढ़ के पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि मुख्य आरोपी इरफान खान इस माह के आरंभ में हुई गोलीबारी की एक घटना के मामले में वांछित था और घटना के बाद से फरार था।

आदित्य के अनुसार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने 10 टीम गठित की थीं तथा उन टीम ने हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर और आसपास के क्षेत्रों में 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों एवं टोल प्लाजा की फुटेज खंगाली।

उन्होंने बताया कि संदिग्ध ठिकानों और खेतों में तलाश के लिए ड्रोन भी लगाए गए।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रविवार रात पुलिस को सूचना मिली कि इरफान मोटरसाइकिल से भागने की कोशिश कर रहा है जिसके बाद पुलिस ने ‘चक 22 एनडीआर’ क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया।

उन्होंने बताया कि उस पर सवार दो लोगों ने भागने के लिए दिशा बदलने की कोशिश की, लेकिन मोटरसाइकिल से गिर गए।

आदित्य के अनुसार पुलिस ने इरफान और उसके सहयोगी प्रियकांत उर्फ टोनी टखर को पकड़ लिया तथा उनके पास से .32 बोर की पिस्तौल, एक देशी हथियार और छह कारतूस बरामद किये।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर चार अन्य आरोपियों– जुमे खान, जुम्मे खान, इब्राहिम और नदीम खान को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि पूरी कार्रवाई के दौरान पांच देशी हथियार और चार अतिरिक्त कारतूस भी बरामद किए गए।

भाषा बाकोलिया राजकुमार

राजकुमार