ऊधमसिंह नगर जिले में टैक्सी और मोटरसाइकिल के बीच भिडंत के बाद आग लग गयी, एक युवक की मौत

Ads

ऊधमसिंह नगर जिले में टैक्सी और मोटरसाइकिल के बीच भिडंत के बाद आग लग गयी, एक युवक की मौत

  •  
  • Publish Date - July 3, 2026 / 07:13 PM IST,
    Updated On - July 3, 2026 / 07:13 PM IST

रुद्रपुर, तीन जुलाई (भाषा) उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में शुक्रवार को एक मोटरसाईकिल और टैक्सी के बीच भिडंत हो जाने पर दोनों वाहनों में आग लग गयी जिससे दुपहिया वाहन पर सवार एक युवक की मृत्यु हो गयी तथा दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी ।

पुलिस के मुताबिक सितारगंज-टनकपुर राजमार्ग पर नानकमत्ता के बिडोरा-मझोला बाजार के पास मोटरसाईकिल और सीएनजी ईंधन वाली टैक्सी के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गयी जिसके बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई।

पुलिस के अनुसार लोगों ने बुझाने की बहुत कोशिश की लेकिन देखते ही देखते दोनों वाहन आग की लपटों में जलकर खाक हो गए।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की आग में झुलसने से मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। राजमार्ग पर कुछ समय तक यातायात भी बाधित रहा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया ।

पुलिस के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है तथा घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस का कहना है कि र्घटना का शिकार हुए लोगों की पहचान अभी नहीं हो पायी है ।

हादसे के चलते राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं, जिन्हें हटाकर पुलिस ने यातायात सुचारु करवाया ।

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना की जांच की जा रही है और पता लगाया जा रहा है कि हादसा तेज रफ्तार या लापरवाही से हुआ या उसकी कोई अन्य वजह थी ।

भाषा सं दीप्ति राजकुमार

राजकुमार