दिल्ली में एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में एक युवक गिरफ्तार, नाबालिग पकड़ा गया

Ads

दिल्ली में एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में एक युवक गिरफ्तार, नाबालिग पकड़ा गया

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 05:05 PM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 05:05 PM IST

नयी दिल्ली, 28 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने इस महीने की शुरुआत में मध्य दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में 21 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में मुख्य संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि कथित तौर पर पुरानी दुश्मनी के कारण पीड़ित सागर की 14 और 15 मई की दरमियानी रात को चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

इसके बाद, भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई और दिल्ली के पटेल नगर के रहने वाले मुख्य आरोपी हिमांशु तिवारी (19) को गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि हत्या में कथित तौर पर संलिप्त एक नाबालिग को भी किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत पकड़ लिया गया है।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद आरोपी कथित तौर पर दिल्ली से भाग गया और राजस्थान में छिप गया।

पुलिस के अनुसार, 25 मई की देर रात एक विशिष्ट सूचना प्राप्त हुई थी कि तिवारी राजौरी गार्डन क्षेत्र के एक मॉल में एक सहयोगी से मिलने और पैसे लेने के लिए जाएगा।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने मॉल के पास जाल बिछाकर आरोपी और नाबालिग को पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान, तिवारी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने और उसके साथियों ने पुरानी दुश्मनी के चलते सागर पर हमला किया और उसे बार-बार चाकू मारा।

इस घटना के बाद वे गिरफ्तारी से बचने के लिए राजधानी से भाग गए।

पुलिस ने बताया कि तिवारी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। अधिकारी ने कहा, ‘घटना के बाद वह राजस्थान चला गया था और हाल ही में दिल्ली लौटा था, जहां उसे पकड़ लिया गया।’

उन्होंने बताया कि जांच जारी है।

पुलिस ने बताया कि कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जबकि किशोर के खिलाफ किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष कार्यवाही की गई।

भाषा

शुभम रंजन

रंजन