दिल्ली के जहांगीरपुरी में बीच-बचाव करने आए युवक पर चाकू से हमला, एक व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

दिल्ली के जहांगीरपुरी में बीच-बचाव करने आए युवक पर चाकू से हमला, एक व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 16, 2026 / 07:35 PM IST,
    Updated On - March 16, 2026 / 07:35 PM IST

नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) उत्तर-पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में एक युवक पर चाकू से हमला करने के आरोप में 18 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया और एक नाबालिग को पकड़ा गया। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

आरोपी की पहचान पीयूष के रूप में हुई है, जो जहांगीरपुरी का रहने वाला है।

पुलिस ने बताया कि हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू नाबालिग के कब्जे से बरामद किया गया है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना 13 मार्च को सामने आई, जब पीसीआर को इलाके में झगड़े की सूचना दी गई। अधिकारी ने बताया कि पुलिस के मौके पर पहुंचने पर शिकायतकर्ता हरजीत सिंह सचदेवा (23) ने बताया कि पीयूष, एक नाबालिग और उनका एक अन्य साथी रघु इलाके में एक लड़के की पिटाई कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार, सचदेवा ने जब उस लड़के को बचाने के लिए हस्तक्षेप किया तो आरोपी नाराज हो गए। पुलिस के अनुसार, उसके बाद हुई हाथापाई के दौरान, नाबालिग ने कथित तौर पर चाकू निकाला और उसपर (सचदेवा) हमला कर दिया, जबकि पीयूष भी इस हमले में शामिल हो गया और उसकी जमकर पिटाई की।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के तीसरे साथी रघु ने कथित तौर पर पिस्तौल निकालकर शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी दी।

सचदेवा की मदद की पुकार सुनकर उसका छोटा भाई दीप और कुछ स्थानीय युवक मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी शिकायतकर्ता को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पीयूष को गिरफ्तार कर लिया गया और नाबालिग को पकड़ा गया।

पुलिस ने बताया कि घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी नाबालिग के पास से बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों ने कथित तौर पर घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है और बताया कि उन्होंने इलाके के एक अन्य लड़के के साथ झगड़े में हस्तक्षेप करने पर शिकायतकर्ता पर हमला किया था।

पुलिस ने बताया कि तीसरे आरोपी रघु की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

भाषा

राखी दिलीप

दिलीप